मथुरालीक्स…गोवर्धन मूड़िया मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन. देशभर से लाखों श्रद्धालु आते हैं गिरिराज जी की परिक्रमा लगाने..डीएम और एसएसपी ने तैयार की रणनीति…जानिए कब और कितने दिन चलेगा मेला
मथुरा के गोवर्धन में लगने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. मुड़िया पूर्णिमा पर देशभर से लाखों श्रद्धालु परिक्रमा लगाने के लिए यहां आते हैं, ऐसे में अभी से पुलिस प्रशासन ने इसके लिए रणनीति बनाना शुरू कर दी हैं. डीएम और एसएसपी ने तैयारियों के लिए व्यवस्थाएं रखने के निर्देश जारी किए हैं.4 से 11 जुलाई तक चलेगा मेला
इस साल गोवर्धन में मुड़िया मेला 4 से 11 जुलाई के बीच आयोजन होगा. डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में इसको लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा कि सड़कों को गड्ढामुक्त कराएं और परिक्रमा मार्ग पर मिट्टी डलवाएं. इसके अलावा उन्होंने वॉच टावर, पार्किंग, पुलिस चौकी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
परिक्रमा मार्ग पर लाइटिंग की व्यवस्था के साथ ही मानसी गंगा, कुसुम सरोवर, कृष्ण कुंड और राधा कुंड के चारों ओर बैरिकेडिंग करने के लिए कहा गया है. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्वस्थ्य सेवाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं. परिवहन निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों को अपने—अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को दुरस्त करने के निर्देश दिए हैं.