आगरालीक्स…आगरा में पीएनबी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दिया 12 करोड़ का लोन. सब्जी की खेती, अचार, मसाले, सिलाई इकाइयां और छोटी दुकानें जैसे बिजनेस होंगे शुरू…
देश का अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र बैंक,पंजाब नेशनल बैंक ने आगरा के जेपी पैलेस और आरबीएस कॉलेज में स्वयं सहायता समूह (एस.एच.जी) आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय समावेशन और सशक्तिकरण के माध्यम से आर्थिक विकास को बढ़ावा देना है। इस मेगा क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी मुख्य अतिथि रहे। अवसर पर पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक निदेश एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र एवंअन्य वरिष्ठ बैंक अधिकारी और400 से अधिक स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।डीएम ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए पंजाब नेशनल बैंक की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि "यह कार्यक्रम न केवल ग्रामीण महिलाओं और छोटे उद्यमियोंको आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा, बल्कि जिले के समग्र आर्थिक विकास में भी योगदान देगा।"पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंध निदेश एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी अशोक चंद्र ने बताया कि "हमारा उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को सस्ती दरों पर ऋण सुविधा प्रदान करना और उनकी वित्तीय जरूरतों को पूरा करना है। इस तरह के आउटरीच कार्यक्रम देश भर में आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक मंदी के दौर में भी ऋण वितरण को बढ़ावा दिया जा सके।." इस कार्यक्रम के दौरान एस.एच.जी की महिलाओं को 12 करोड़ रूपए का लोन वितरित किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि 31.03.2025 तक आगरा अंचल का एम.एस.एम.ई पोर्टफोलियो 5069 करोड़ रूपये है। यह आउटरीच कार्यक्रम सभी एम.एस.एम.ई ग्राहकों को वन-स्टॉप समाधान प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों से 100 से अधिक उद्यमियों का आगमन हुआ एवं विभिन्न उद्योगों से लगभग 20 ने अपना स्टाल लगाया। कार्यक्रम के दौरान लगभग 15 स्वीकृति पत्र भी सौपें गए। इस कार्यक्रम से 600 करोड़ रूपए से अधिक की आय अपेक्षित है।