आगरालीक्स…आगरा में एनएमओ की स्थापना समारोह में जुटे 200 से अधिक डॉक्टर्स. नई टीम का हुआ शपथ ग्रहण. डॉक्टर और रोगी के संबंधों पर की चर्चा
राष्ट्रीय मेडिकोस ऑर्गनाइजेशन (NMO), आगरा शाखा का स्थापना समारोह होटल अमर में अत्यंत उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें आगरा शहर के 200 से अधिक डॉक्टर्स और डेंटिस्ट्स ने भाग लेकर कार्यक्रम की गरिमा को और भी ऊँचा किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व अध्यक्ष डॉ. वनज माथुर के स्वागत भाषण से हुई। इसके उपरांत डॉ. करण आर. रावत द्वारा दिया गया "एनएमओ परिचय" भाषण अत्यंत प्रेरणादायक, तथ्यपूर्ण और जोश से भरा हुआ था, जिसमें उन्होंने NMO के जनसेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को गर्वपूर्वक प्रस्तुत किया।नव नियुक्त अध्यक्ष डॉ. अनुपम गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में आगामी वर्ष की योजनाओं को साझा करते हुए बताया कि कैसे एनएमओ आगरा सामाजिक सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करेगा और डॉक्टर समाज को समाजसेवा के साथ जोड़ेगा। ब्रज प्रांत एनएमओ के सचिव डॉ. अंकुर गोयल ने इस शुभ अवसर पर अपने शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राघवेंद्र दुबे ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें बताया गया कि बीते वर्ष में संस्था ने आगरा शहर के विभिन्न स्थानों पर 30 से अधिक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए, जिनमें सीमावर्ती क्षेत्रों और कुंभ मेले में लगाए गए शिविर भी शामिल रहे। इसके अलावा संस्था द्वारा किए गए अनेक सामाजिक कार्यों का भी उन्होंने उल्लेख किया। एनएमओ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पवन गुप्ता ने डॉक्टर और रोगी के संबंधों पर संवेदनशील और विचारोत्तेजक बातें साझा कीं और बताया कि किस प्रकार एक चिकित्सक राष्ट्र सेवा में भागीदार बन सकता है। कार्यक्रम में नई टीम का शपथ ग्रहण भी सम्पन्न हुआ, जिसमें डॉ. अनुपम गुप्ता को अध्यक्ष, डॉ. करण आर. रावत को सचिव, डॉ. राघवेंद्र दुबे को कोषाध्यक्ष , डॉ. जगदीश गुप्ता एवं डॉ. जितेन्द्र चौधरी को उपाध्यक्ष, डॉ. दिनेश राठौर को अध्यक्ष पद के उत्तराधिकारी (President-Elect) के रूप में नियुक्त किया गया।
संस्कृतिक सचिव के रूप में डॉ. उर्विजा हैन, वैज्ञानिक सचिव के रूप में डॉ. नेहारिका मल्होत्रा तथा महिला प्रकोष्ठ हेतु डॉ. अंशिका मित्तल और डॉ. शिवालिका शर्मा को जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में 14 सदस्यों की नियुक्ति की गई, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. शम्मी कालरा, डॉ. वीरेन्द्र खंडेलवाल, डॉ. वी एन कौशल, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा , डॉ सुषमा गुप्ता , डॉ अम्बर , डॉ अरुण चतुर्वेदी , डॉ हरवीर सिंह और डॉ. न स लोधी आदि शामिल रहे। इन सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को उनके कार्यकाल के लिए अनेक वरिष्ठ चिकित्सकों और गणमान्य अतिथियों ने अपनी शुभकामनाएँ दीं और आशा व्यक्त की कि यह टीम एनएमओ आगरा को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।