मथुरालीक्स…मुड़िया पूर्णिमा मेले को लेकर रेलवे स्टेशनों पर होगी कड़ी सुरक्षा. 20 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी निगरानी. कंट्रोल रूम से अधिकारी रखेंगे नजर
मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के निर्देशन में मथुरा व गोवर्धन में होने वाले मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेला में आने वाले तीर्थयात्रियों को लाने और वापस ले जाने के लिए रेलवे द्वारा ट्रेनो की अबाध व सुरक्षित परिचालन को सुनिश्चित करने के लिए मेला कंट्रोल रूम से हर पल स्थिति का जायजा लिया जाएगा. सिविल प्रशासन के सहयोग से भीड़ प्रबंधन और रोडमैप के लिए आगामी योजना जैसे पुराने एफओबी पर एकतरफा प्रवाह और नए एफओबी पर द्विदिशीय कतार प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी.सुरक्षा की दृष्टि से इस बार पर्याप्त रेलवे पुलिस बल लगाया गया है. जिसमें 294 आरपीएफ कर्मियों की तैनाती रहेगी, जिसमें 202 अन्य डिवीजन से हैं और लगभग 400 जीआरपी कर्मियों की तैनाती की जाएगी. तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 85 मौजूदा और 20 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों द्वारा निगरानी की जाएगी एवं कंट्रोल रूम से अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनिटरिंग कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी. लगभग 100 वाणिज्यिक और टीसी कर्मचारियों द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन से लेकर प्लेटफार्म और प्लेटफार्म से लेकर स्टेशन के हर इलाके में मुस्तैदी से तैनात रहेंगे.