आगरालीक्स…आगरा में मानसून के महीनों की सबसे साफ हवा, इससे बेहतर कुछ भी नहीं! चेक करें आपका एरिया है क्या लिस्ट में ? कमेंट करके बताएं देश में किस शहर की हवा सबसे साफ
आगरा में वायु प्रदूषण का हाल किसी से छिपा नहीं है। जब भी हवा खराब होती है बहुत शोर मचता है लेकिन इन दिनों जब हवा साफ और वायु गुणवत्ता सूचकांक अपने सबसे निचले स्तर पर है तब हर तरफ खामोशी है। ऐसे में आईए जानते हैं अपने शहर के अलग—अलग क्षेत्रों में इन दिनों हवा कितनी स्वच्छ है ? और साथ में यह भी जानेंगे कि देश में किस शहर की हवा सबसे साफ है और किस शहर की अब भी सबसे प्रदूषित है। नेशनल एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक देश में इन दिनों आइजोल की हवा सबसे साफ है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 8 दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि देश में 105 शहरों की हवा साफ जबकि 87 शहरों की हवा मीडियम क्वालिटी की है। 09 शहर अब भी ऐसे हैं जिनमें हवा की स्थिति खराब बनी हुई है।वहीं दूसरी तरफ आज देश में गुजरात के नंदेसरी की हवा सबसे खराब है, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 231 दर्ज किया गया है। राहत की बात यह है कि फिलहाल देश में महज नंदेसरी की हवा 'बहुत खराब' दर्ज की गई।
इधर आगरा की बात करें तो यहां भी प्रदूषण में गिरावट आई है। आगरा का वायु गुणवत्ता सूचकांक इन दिनों 40 से 50 के बीच है। सोमवार को यह 40 दर्ज किया गया। हालांकि प्रदूषण में आई इस भारी कमी का एक कारण बारिश भी है। पिछले कई दिनों से आगरा में बारिश हो रही है। इससे हवा की क्वालिटी सुधरी हुई है। ऐसा कितने दिनों तक रहेगा यह कहना मुश्किल है।
आगरा में सबसे साफ इन दिनों रोहता है। यहां वायु गुणवत्ता सूचकांक सोमवार को 26 था। दूसरे नंबर पर संजय प्लेस है जहां एक्यूआई 29 दर्ज किया गया। गौरतलब है कि जब हवा खराब होती है तब सबसे अधिक असर इसी एरिया पर पड़ता है। संजय प्लेस की हवा काफी खराब हो जाती है। तीसरे नंबर की बात करें तो इन दिनों 31 एक्यूआई के साथ मनोहरपुर की हवा साफ है। 37 एक्यूआई के साथ शास्त्रीपुरम चौथे स्थान पर है। जबकि 79 एक्यूआई के साथ आवास विकास की हवा संतोषजनक है।
एक्यूआई श्रेणियां
0-50 (अच्छा)
51-100 (संतोषजनक)
101-150 (मध्यम)
151-200 (खराब)
201-300 (बहुत खराब)
301-500 (गंभीर)