आगरालीक्स…आगरा के एसएन में रोपे पौधे. “एक वृक्ष माँ के नाम” अभियान में डॉक्टरों ने ने लगाए पौधे.
"एक वृक्ष माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेरित "एक वृक्ष माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत आज सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एस.एन. मेडिकल कॉलेज), आगरा में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कॉलेज के सभी संकाय सदस्य एक वृक्ष अपनी माँ के नाम पर तथा अतिरिक्त पाँच वृक्ष पर्यावरण संरक्षण हेतु लगाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण को संरक्षित करना तथा मातृत्व के प्रति श्रद्धा प्रकट करना है। डॉ. प्रशांत गुप्ता ने स्वयं वृक्षारोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात कॉलेज के सभी विभागों के संकाय सदस्यों, छात्रों एवं कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान नीम, पीपल, अमलतास, गुलमोहर जैसी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने कहा: "वृक्ष माँ के समान होते हैं – वे हमें जीवनदायिनी वायु, छाया और शांति प्रदान करते हैं। इस अभियान के माध्यम से हम न केवल पर्यावरण को संवार रहे हैं, बल्कि अपनी माँ के प्रति कृतज्ञता भी प्रकट कर रहे हैं।" कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एस.के. मिश्रा रहे। सभी प्रतिभागियों ने पौधों की निरंतर देखभाल का संकल्प भी लिया।