आगरालीक्स…आगरा में देर रात यमुना एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट. दो की दर्दनाक मौत, पांच घायल
आागरा के यमुना एक्सप्रेस वे पर खंदौली में बीती देर रात एक्सीडेंट में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं. दाऊजी से आटो में सवार होकर लोग ताजगंज के तोरा गांव जा रहे थे. खंदौली इंटरचेंज पर एक्सप्रेस वे पर आटो की बैटरी डाउन हो गई और आटो साइड में खड़ा था तभी पीछे से आए एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी. घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया.तेरहवीं में शामिल होने गए थे आटो सवार लोग
तोरा गांव में बबलू रहते हैं. इन्होंने बताया कि इनके साले के ससुर का देहात हो गया था. बुधवार को तेरहवीं थीं. इसमें शामिल होने के लए परिवार के लोग दाउजी के गांव जरौठी आटो से गए थे. रात में सभी लोग आटो से ही वापस आ रहे थे. खंदौली इंटरचेंज से चालक ने आटो यमुना एक्सप्रेस वे पर ला दिया. जिससे कुबेरपुर इनर रिंग रोड होते हुए फतेहाबाद रोड जा सकें. यमुना एक्सप्रेस वे के किलोमीटर संख्या 162.6 पर आटो की बैटरी डाउन हो गई. इस पर चालक ने आटो साइड में लगा दिया. सभी लोग आटो में बैठे थे तभी पीछे से आए एक अन्य वाहन ने आटो में जोरदार टक्कर मार दी जिससे आटो पलट गया.
एक्सीडेंट के बाद आटो सवार लोगों में चीख पुकार मच गई. आटो भी पलट गया और बुरी तरह से क्षतिग्रसत हो गया. सूचना पर एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंची. हादसे में कमलेश देवी और राजू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं. पुलिस का कहना है कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है.