आगरालीक्स…आगरा कॉलेज ग्राउंड पर हो रहा मेट्रो निर्माण पूरी तरह से वैध. यूपीएमआरसी ने कहा—कब्जा करने की बात भ्रामक, सरकार की पूर्ण अनुमति के बाद ही ली जमीन..
आगरा कॉलेज ग्राउंड पर मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है. यहां मेट्रो का इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा. दोनों ही कॉरिडोर पर चलने वाली मेट्रो यहां से होकर निकलेंगी. स्टेशन का कार्य भी लगभग पूरा है और ट्रैक बिछाने का काम चल रहा है लेकिन बुधवार को अगरा कॉलेज प्रशासन की ओर से मंत्री योगेंद्र उपाध्याय से शिकायत की गई कि आगरा कॉलेज ग्राउंड पर चल रहा मेट्रो का काम पूरी तरह से अवैध रूप से किया जा रहा है. आगरा कॉलेज की जमीन को कब्जा किया गया है..अब इस मामले में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से विज्ञप्ति जारी की गई है. इसमें कब्जे की बात को पूरी तरह से भ्रामक बताया गया है और कहा गया है कि कॉलेज ग्राउंड की जमीन पर मेट्रो का निर्माण पूरी तरह से सरकार की अनुमति के बाद ही किया गया है.
यूपीएमआरसी ने कहा कि प्रथम कॉरिडोर के अंतर्गत आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन निर्माण के क्रम में आगरा कॉलेज की जमीन पर मेट्रो के निर्माण से जुड़ा समाचार कुछ समाचार पत्रों में प्रकाशित हुआ है. आगरा कॉलेज ग्राउंड की जमीन पर मेट्रो द्वारा कब्जा किये जाने के दावे पूरी तरह भ्रामक हैं. बता दें कि इस जमीन के संबंध में तत्कालीन जिलाधिकारी की आख्या के आधार पर शासन द्वारा मेट्रो निर्माण के लिए ये ज़मीन हस्तांतरित की गई है , और उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने राज्य सरकार की पूर्ण अनुमति के बाद जमीन ली है. पूर्व में आगरा प्रशासन के साथ इस मामले को लेकर बैठकें भी हुई थी और मेट्रो द्वारा सभी नियमों का पालन करके ये जमीन ली गई थी.इसके साथ ही मेट्रो द्वारा अधिकतम भूमि, स्टेशन निर्माण के लिए अस्थाई तौर पर ली गई है, जिसे स्टेशन निर्माण के बाद पुनः की तरह विकसित रूप में वापस सौंप दिया जाएगा. स्टेशन के आवागमन हेतु प्रवेश एवं निकास द्वार के लिए ही स्थाई तौर पर कुछ जमीन ली जाएगी. यूपी मेट्रो द्वारा आगरा शहर में शहरवासियों की सहूलियत एवं सुगम यातयात का साधन प्रदान करने की लिए मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है, जिसका अधिकतम लाभ कॉलेज के छात्रों और प्रबंधन को ही मिलेगा.