आगरालीक्स…आगरा में सावन के त्योहारों की खरीदारी शुरू. आगरा में लगी हस्तकला प्रदर्शनी. राखिंया, ट्रेंडी ड्रेस, होम डेकोर, गिफ्ट आइटम्स कर रहे आकर्षित
सावन का उत्सव हो और राखी, डेकोरेशन, परिधान, गहनों की खरीदारी का अवसर एक ही जगह मिल जाए, तो बात ही कुछ और होती है। माधवी अग्र महिला मण्डल द्वारा महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामण्डी में आयोजित हस्तकला प्रदर्शनी रविवार को शहरवासियों के लिए सावन की खुशियों का एक संपूर्ण मेला बन गई। रचनात्मकता, परंपरा और आधुनिकता के संगम वाले आयोजन में 45 से अधिक स्टॉल्स पर राखियाँ, ट्रेंडी ड्रेस, होम डेकोर, पारंपरिक परिधान, गिफ्ट आइटम्स आदि ने ख़रीदारों को खूब आकर्षित किया। महिलाएं, युवतियाँ और बच्चे पूरे दिन इस सांस्कृतिक महोत्सव का आनंद लेते नज़र आए।प्रदर्शनी का उद्घाटन संरक्षक सुरेश चंद गर्ग, सुनील विकल, नितेश अग्रवाल, बीडी अग्रवाल मोहनलाल अग्रवाल, राकेश गर्ग, सुमनप्रकाश जैन ने किया। उद्घाटन के बाद मंचीय कार्यक्रमों की श्रृंखला आरंभ हुई, जिसमें फैंसी ड्रेस, नृत्य, चित्रकला, शंख वादन, सनातन धर्म ज्ञान क्विज और लकी ड्रा जैसे आयोजन शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन सरोज भार्गव, भरत बंसल, ममता गोयल, वंदना और संयुक्ता ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, आत्मविश्वास और रचनात्मकता की सराहना करते हुए विजेताओं का चयन किया।
अध्यक्ष पुष्पा अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को एक ऐसा मंच देना था जहाँ वे अपनी कला, ज्ञान और प्रतिभा को पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत कर सकें। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए ऐसे सांस्कृतिक आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं।