आगरालीक्स…आगरा में डबल मर्डर का 24 घंटे में चौंकाने वाला खुलासा. सगे भाई ने दी थी हत्या की सुपारी. नाबालिग बेटा भी किया वारदात में शामिल..जानिए डबल मर्डर की असली वजह
आगरा के थाना किरावली क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए डबल मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज और चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने हत्या में मृतक की सगे भाई, उसके नाबालिग बेटे और दो अन्य को अरेस्ट किया है. लंबे समय से चले आ रहे दोनों भाइयों के बीच जमीन विवाद को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है. सगे भाई ने ही अपने भाई का मर्डर कराने के लिए सुपारी दी थी. पुलिस ने तीन आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. वहीं नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है.भाई ने ही दी थी पुलिस को मर्डर की सूचना
14 जुलाई सोमवार को थाना किरावली के गांव अरदाया में रहने वाले अजय पाल पुत्र लालाराम ने पुलिस को सूचना दी कि उनका सगा भाई कृष्णपाल सिंह रात को 8 बजे समर बंद करने निकला था, लेकिन 14 जुलाई को सुबह वादी को पुलिस द्वारा सूचना दी गयी कि वादी का भाई गोपऊ राजवाह की धनौली माइनर पर मृत पाया गया है व उसके साथ नेत्रपालसिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह निवासी ग्राम अरदाया थाना अछनेरा भी मृत पाया गया है. किन्हीं अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वादी के भाई व नेत्रपाल की निर्मम हत्या की गयी है. इस सम्बन्ध में थाना किरावली पर मु0अ0सं0 203/2025 धारा 103 (1) बीएनएस पंजीकृत किया गया.
डबल मर्डर के खुलासे के लिए जुटी पुलिस
डबल मर्डर की घटना का सफल अनावरण एवं घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु थाना किरावली पर 04 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में आज मंगलवार को गठित पुलिस टीमों द्वारा चैकिग/गश्त के दौरान मुकदमा उपरोक्त से सम्बन्धित 03 अभियुक्तो को मुखबिर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर पुरामना बम्बे की पुलिया थाना क्षेत्र किरावली से गिरफ्तार किया गया व उनके 01 बाल अपचारी साथी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया. पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 मोबाइल फोन टूटे हुए (दोनों मृतकों के), 01 पिस्टल मय 02 जिंदा कारतूस 32 बोर, 02 लोहे की रॉड बरामद हुई. बरामद अवैध असलाह के सम्बन्ध में मुकदमा उपरोक्त में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई.
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो बताया कि उक्त घटना अभियुक्त/मुकदमा वादी अजयपाल (मृतक कृष्णपाल का भाई) द्वारा षडयन्त्र रचकर अपने नाबालिग बेटे के साथ धर्मेन्द्र व मनीष को रूपयों का लालच देकर हत्या करायी. यह घटना पैतृक सम्पत्ति के बँटवारे को लेकर हुई. मुकदमा वादी/अभियुक्त अजयपाल व मृतक कृष्णपाल का अपनी पैतृक जमीन के बँटवारे को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था, इस सम्बन्ध में गांव में पंचायत होकर फैसला हो गया था परन्तु अजयपाल इससे संतुष्ट नहीं था. इस कारण उसने अपने भाई कृष्णपाल व कृष्णपाल के मित्र नेत्रपाल की हत्या करा दी.
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:-
- धर्मेन्द्र उर्फ धनीश पुत्र आशाराम निवासी अरदाया थाना किरावली, आगरा ।
- मनीष पुत्र आशाराम निवासी अरदाया थाना किरावली, आगरा।
- अजयपाल पुत्र लालाराम निवासी अरदाया थाना किरावली, आगरा।
- 01 बाल अपचारी (पुलिस अभिरक्षा में) ।
बरामदगी का विवरणः-
- 02 मोबाइल फोन टूटे हुए (दोनों मृतकों के)
- 01 पिस्टल मय 02 जिंदा कारतूस 32 बोर (अभियुक्त मनीष से बरामद) ।
- 02 लोहे की रॉड ( 01 रॉड बाल अपचारी से व 01 रॉड धर्मेन्द्र से बरामद) ।