आगरालीक्स…आगरा में सेल्समैन से 1.60 लाख रुपये लूटे. शराब की दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था सेल्समैन, तीन बदमाश पीछे लग गए…
आगरा के थाना इरादतनगर में कुर्राचित्तरपुर मोड़ पर शराब सेल्समैन से 1.60 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे सेल्समैन के पीछे तीन बदमाश लग गए और ओवरटेक कर सेल्समैन को रोक लिया. इसके बाद बदमाश रुपयों से भरा बैग इसके पास से लूट ले गए. आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित कुर्राचित्तरपुर मोड़ से आगे कंपोजिट शराब की दुकान है. मंगलवार रात 10 बजे दुकान बंद कर सेल्समैन धर्मेंद्र पुत्र कंचन सिंह निवासी गढ़ी उद्दा बाइक से घर की तरफ जा रहा था. धर्मेंद्र ने बताया कि जैसे ही वह शराब की दुकान बंदकर कुछ दूर पहुंचा तभी बाइक सवार तीन बदमाश पीछे से आए और बाइक आगे लगाकर रास्ता रोक दिया. इसके बाद तमंचा तान रुपयों का बैग छीन लिया. बदमाश कुर्रा मोड़ से ग्वालियर हाइवे की तरफ भाग गए. पीड़ित धर्मेंद्र ने बताया कि बैग में दुकान की 1.60 लाख रुपए की रकम थी. पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी.