मथुरालीक्स…आगरा आ रहे नाइट्रोजन गैस से भरे कैप्सूल ट्रक में यमुना एक्सप्रेस वे पर टकराया कैंटर, गैस लीक की आशंका से मच गई खलबली..
आगरा के यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर आ रहे नाइट्रोजन गैस से भरे कैप्सूल ट्रक में पीछे से एक कैंटर ने टक्कर मार दी. हादसे में कैंटर चालक घायल हो गया लेकिन कैप्सूल ट्रक से गैस लीक होने की आशंका से एक्सप्रेस वे पर खलबली मच गई. पुलिस और एक्सप्रेस वे कर्मी वाटर टेंडर लेकर मौके पर आए. पूरी सतर्कता के साथ कैप्सूल ट्रक की जांच की जा रही है.पुलिस के अनुसार कैप्सूल ट्रक देहरादून से नाइट्रोजन गैस के साथ यमुना एक्सप्रेस वे से होता हुआ कानपुर की ओर जा रहा था. थाना सुरील क्षेत्र में माइल स्टोन 78 के पास पीछे से आ रहे कैंटर गैस के कैप्सूल में टकरा गया. इससे कैंटर चालक बालकिशन निवासी थाना फरह घायल हो गया. पुलिस का कहना है कि गैस लीक की आशंका को देखते हुए पूरी सतर्कता बरती गई. काफी मशककत के बाद क्रेन की मदद से कैप्सूल में फंसे कैंटर को बाहर निकाला गया. गैस रिसाव जैसी कोई घटना सामने नहीं आई. इसकी सटीक जानकारी के लिए फरीदाबाद से इंजीनियर टीम बुलाई गई और उनके आने पर कैप्सूल को बारीकी से जांच कर चेक किया जाएगा और सही पाए जाने पर सुरक्षित आगे को रवाना किया जाएगा.