आगरालीक्स…आगरा के वैश्यों में ऊर्जा मंत्री के खिलाफ आक्रोश. बर्खास्त करने की मांग के साथ कहा, मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की ओर से भगवान टाकीज चौराहा स्थित होटल आशादीप में परिषद् की कार्यकारणी बैठक का आयोजन शुक्रवार को किया गया। बैठक की शुरुआत मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता, डीजीसी क्राइम राधाकृष्ण गुप्ता और डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने दीप प्रवज्जलित कर की। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमंत गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके सिंह द्वारा वैश्यों पर की अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी से पुरे समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। यह केवल वैश्य समाज का ही नहीं, बल्कि उस पूरे भारतीय सांस्कृतिक ताने-बाने का अपमान है। वैश्य समाज का अपमान किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। समाज की भावनाओं का सम्मान रखते हुए मंत्री सार्वजनिक रूप से वैश्य समाज से माफ़ी मांगे अन्यथा समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मुरारी प्रसाद अगव्राल ने कहा कि यह वही वैश्य समाज है जो जनसंघ के समय से लेकर आज तक भाजपा का स्थायी, परंपरागत और निष्ठावान मतदाता रहा है। राष्ट्रभक्ति एवं संगठन निर्माण में भी इस समाज का योगदान अविस्मरणीय रहा है। वैश्य समाज देश का एक मात्र वोटर हैं, जो भाजपा के साथ हैं। कभी दल बदल नहीं करता हैं। हम सामूहिक रूप से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ऊर्जा मंत्री को तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग करते है।
प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रसेना ने कहा कि वैश्य समाज अहिंसावादी है लेकिन इसका कतई मतलब नहीं है कि वह अपने स्वाभिमान पर घात बर्दाश्त करेगा। परिषद द्वारा 5 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकर्ता प्रतिनिधि सम्मेलन और 6 अगस्त को काशी में सामूहिक जलाभिषेक का आयोजन बनारस में किया जा रहा है। जिसमे आगरा से बसों के माध्यम से सैकंडो की संख्या में वैश्य समाज के लोग संख्या बल के आधार पर राजनैतिक हिस्सेदारी के लिए प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे। बैठक के दौरान सम्मलेन के आमंत्रण पत्र का विमोचन भी किया गया।राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अनुराग अग्रवाल एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता इंजी. सतीश गुप्ता ने कहा कि समाज लम्बे समय से भाजपा का कोर वोटर है जो नोट और वोट पूर्ण रूप से पार्टी को समर्पित करता है। ऊर्जा मंत्री का इस प्रकार का बेहूदा बयान वैश्य समाज बर्दाश्त नहीं करेगा। मंच संचालन आर्य नरेंद्र सिंघल ने किया। इस अवसर पर कृष्ण कुमार गोयल, अनिल शिवहरे, तनुज गर्ग, कपिल गोयल, हेमलता अग्रवाल, ममता सिंघल, एकता जैन, नेहा अग्रवाल, पूजा जैन, आशा अग्रवाल, सीमा सिंघल, रेखा अग्रवाल, विजया गुप्ता, आशा अग्रवाल, अमित गोयल, अजय अग्रवाल, राजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।