आगरालीक्स…आगरा में आरटीई के तहत 1428 बच्चों के एडमिशन निजी स्कूलों में लंबित. डीएम ने इन सभी स्कूलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को डिस्ट्रिक टास्क फोर्स कमेटी की अनुमोदित. 124 जर्जर स्कूलों की बिल्डिंग गिराई जाएगी
जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को बेसिक शिक्षा विभाग की डिस्ट्रिक टास्क फोर्स कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में स्कूल पेयरिंग, निपुण भारत, पाठ्यपुस्तक एवं कार्यपुस्तिका वितरण, आरटीई, ऑपरेशन कायाकल्प, मध्याहन भोजन योजना आदि बिन्दुओं पर डिस्ट्रिक टास्क फोर्स कमेटी की बैठक में समीक्षा की गई।1428 बच्चों के एडमिशन लंबित
बैठक में आरटीई एक्ट 2009 के अन्तर्गत वंचित आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के प्रवेश प्रक्रिया की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए अब तक 5054 छात्र-छात्राओं के प्रवेश कराये जा चुके हैं, जो विगत वर्ष की अपेक्षा 800 शीट अधिक आवंटित की गई हैं। बैठक में बताया गया कि 1428 छात्र-छात्राओं का निजी विद्यालय में प्रवेश लम्बित है, जिस हेतु सम्बन्धित विद्यालयों को नोटिस दिए गये, लेकिन अभी तक न ही नोटिस का जवाब तथा बच्चों के प्रवेश की प्रक्रिया भी सम्पन्न नहीं की गई है, डिस्ट्रिक टास्क फोर्स कमेटी द्वारा ऐसे विद्यालयों के विरूद्ध मान्यता समाप्ति व अन्य विधिक कार्यवाही करने किये जाने हेतु अनुमोदन किया गया।
बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जिलाधिकारी द्वारा जर्जर भवनों को चिन्हित करने हेतु गठित समिति की रिपोर्ट प्राप्त हो गई है, जिसमें 539 जर्जर भवन चिन्हित किए गये हैं तथा 124 अत्यंत जर्जर विद्यालय भवनों को गिराये जाने की कार्यवाही की जानी है, उक्त जर्जर भवनों को गिराये जाने हेतु नीलामी/बोली प्रक्रिया सम्पन्न की गई लेकिन मानक अनुरूप नीलामी/बोली प्राप्त न होने पर नियमानुसार पंचायतों द्वारा विद्यालय भवनों को गिराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जानी है, जिलाधिकारी ने सम्बन्धित पंचायत के माध्यम से जर्जर भवनों को गिराये जाने व अन्य उपयोग करने हेतु जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया। इसके अलावा बताया गया कि जनपद में 67 विद्यालय पेयरिंग हेतु प्रस्तावित किए गये हैं, ऐसे स्कूल भवनों में आंगनबाड़ी के अन्तर्गत बाल वाटिका व पुस्तकालय आदि हेतु उपयोग किया जायेगा।
कॉपी—किताबों का शप प्रतिशत हुआ वितरण
बैठक में पाठ्यपुस्तक एवं कार्यपुस्तिका वितरण की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि हिन्दी, अग्रेजी तथा उर्दू माध्यम की कक्षा 4 से 8 तक की निःशुल्क पाठ्यपुस्तक 891191 जनपद स्तर से प्राप्त हुई हैं, जिसके सापेक्ष शत-प्रतिशत प्राप्त पुस्तकों का छात्र-छात्राओं को वितरण सुनिश्चित किया गया है, इसी प्रकार कक्षा 4 व 8 तक की हिन्दी व अग्रेजी विषय की पाठ्यपुस्तक 377454 प्राप्त हुई, का भी शत-प्रतिशत वितरण किया गया है। कक्षा 01 से 03 तक हिन्दी, अग्रेजी तथा उर्दू माध्यम की 305944 पाठ्यपुस्तक प्राप्त हुई, जिसमें 305094 का वितरण किया गया, 850 अवशेष पुस्तकों को सम्बन्धित विकास खण्ड के ब्लॉक संसाधन केन्द्र में भण्डारण किया गया है। कक्षा 01 से 02 तक हिन्दी व अग्रेजी माध्यम की निःशुल्क कार्य पुस्तिका 148312 प्राप्त हुई, जिनका शत-प्रतिशत वितरण किया गया है, इसी प्रकार कक्षा 03 तक हिन्दी व अग्रेजी माध्यम की निःशुल्क कार्य पुस्तिका 94055 प्राप्त हुई, जिसमें 93125 का छात्र-छात्राओं को वितरण सुनिश्चित किया गया है तथा अवशेष 930 पुस्तकों को सम्बन्धित विकास खण्ड के ब्लॉक संसाधन केन्द्र में भण्डारण किया गया है।