आगरालीक्स…Agra News: आगरा में सड़क पर सिल्ट, कीचड़ और मलबे के ढेर न हटने पर डीएम, सीडीओ और नगर आयुक्त पर मुकदमे के लिए कोर्ट के आख्या तलब करने पर दरोगा ने जांच में पुष्टि की, इससे इतर कार्य में लापरवाही पर दरोगा निलंबित। ( Agra News: Garbage on Road, Commuters tense#Agra)
आगरा के बोदला से बिचपुरी रोड पर सड़क पर सिल्ट, मलबा और कीचड़ लंबे समय से पड़ा हुआ था इसके चलते लोगों को निकलने में परेशानी हो रही थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सत्यमेव जयते ट्रस्ट की तरफ से तीन जून को पुलिस आयुक्त से शिकायत की गई, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया गया। कार्रवाई न होने पर 21 जुलाई को सत्यमेव जयते ट्रस्ट के मुकेश जैन ने सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया, इसमें डीएम अरविंद मल्लपप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल व अन्य अधिकारियों को सड़क से मलबा और सिल्ट न हटने के लिए आरोपी बताते हुए कहा गया कि बजट के बावजूद सफाई नहीं कराई गई है। इस निष्क्रियता को लोकसेवकों द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर जनता के विश्वास का उल्लंघन बताया साथ ही बीएनएस की धारा के तहत मुकदमा दर्ज करने की अपील की।
कोर्ट ने थाना जगदीशपुरा से मांगी आख्या
इस मामले में थाना जगदीशपुरा में तैनात दरोगा देवी शरण सिंह ने 29 जुलाई को जांच के बाद रिपोर्ट भेजी, इसमें कहा कि जांच में पुष्टि हुई है कि सड़क पर मलबा, कीचड़ और सिल्ट जमा है, जिससे आने जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। रिपोर्ट पहुंचने के बाद अधिकारियों को जानकारी होने से खलबली मच गई।
दरोगा निलंबित
जगदीशपुरा में तैनात दरोगा देवी शरण को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया, इसमें कारण सरकारी कार्य में लापरवाही और उच्च अधिकारियों के आदेशों का पालन ना करना बताया है, पुलिस अधिकारियों का मीडिया से कहना है कि कार्य में लापरवाही पर दरोगा को निलंबित किया गया है। कोर्ट में दायर मामले की जानकारी नहीं है।