आगरालीक्स…आगरा के एमजी रोड सहित सभी सड़कों पर गड्ढों को लेकर डीएम की हाई लेवल मीटिंग. नगर निगम, मेट्रो, एडीए सहित सभी को सख्त आदेश…बिना अनुमति सड़क को खोदा तो दर्ज होगी एफआईआर
आगरा की सड़कें इस समय गड्ढों में तब्दील हुई पड़ी हैं. एमजी रोड हो या फिर हाइवे, सड़कों पर गहरे गड्ढों के कारण एक्सीडेंट की घटनाएं बढ़ रही हैं. पिछले दो दिन में गड्ढों के कारण तीन एक्सीडेंट की घटनाएं हुई हैं जिनमें लोगों की जानें गई हैं. आज गुरुवार को भी डीएम आवास के सामने गड्ढे के कारण बाइक सवार महिला एक ट्रक की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौत हो गई. घटना को लेकर शहरवासियों में आक्रोश है.शहर की सड़कों पर गड्ढों के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गुरुवार को डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट हाई लेवल मीटिंग ली. इस मीटिंग में नगरनिगम, एडीए, मेट्रो प्रोजेक्ट, जलनिगम, पीडब्ल्यूडी, जलकल आदि विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में सुरक्षित, सुगम यातायात, गड्ढा मुक्त सड़क, बिना संबंधित विभाग की परमीशन के सड़क खुदाई करने, रोड़ पर मैटेरियल, मिट्टी, निर्माण सामग्री आदि गिराने की प्राप्त हो रही विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से लिया गया.
नाराज डीएम ने दिए सख्त आदेश
बैठक में संबंधित विभागों को बिना परमीशन के सड़क खोदने, तदसंबंधी प्रोटोकॉल का अनुपालन न करने, रोड़ पर मिट्टी, निर्माण सामग्री,मैटेरियल गिराने आदि पर जिलाधिकारी द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त की, जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जलकल, जल निगम,विद्युत आदि विभिन्न विभागों को कार्य कराए जाने हेतु सड़क खुदाई की आवश्यकता है तो अपर जिलाधिकारी (नगर) के माध्यम से संबंधित विभाग से पूर्व अनुमति लेनी होगी तथा तदसंबंधी प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाएगा प्रोटोकॉल का अनुपालन न करने पर संबंधित विभाग के अधिकारी व ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज होगी.