आगरालीक्स …Agra News: आगरा में आज यमुना के जलस्तर का 15 साल का रिकार्ड टूट सकता है, ताजमहल, बटेश्वर के मंदिर, कृष्णा कॉलोनी तक पहुंचा पानी। मोक्षधाम में पानी के बीच अंतिम संस्कार, फंसे चार लोगों को किया गया रेस्क्यू। ( Agra News: Yamuna water level may break 15 year old record, reaches 500 feet today#Agra )
हथिनीकुंड सहारनपुर से 3.22 लाख क्यूसिक पानी यमुना में छोड़ा गया था यह अब आगरा पहुंच गया है। इससे गुरुवार दोपहर से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और यमुना का जलस्तर गुरुवार दोपहर बाद 497.6 फीट तक पहुंच गया। इससे ताजमहल की दीवार तक पानी पहुंच गया है, बटेश्वर में यमुना किनारे के मंदिरों में पानी पहुंचने लगा है। इसके साथ ही तटीय क्षेत्रों में कृष्णा कॉलोनी जीवनीमंडी के पास तक पानी पहुंच गया है। ताजगंज श्मशान घाट पहले ही डूब चुका था, पोइया घाट मोक्षधाम में पानी के बीच में अंतिम संस्कार किए गए।
आज टूट सकता है 15 साल का रिकॉर्ड, 500 फीट तक पहुंचेगा जलस्तर
आगरा में साल 2010 में यमुना का जलस्तर 499.50 फीट तक पहुंच गया है, हथिनीकुंड से छोड़ा गया पानी आगरा पहुंचने से शुक्रवार सुबह 11 बजे के बाद आगरा में यमुना का जलस्तर 500 फीट तक पहुंच सकता है और 15 साल का रिकॉर्ड टूट जाएगा। इससे यमुना किनारे की शहर और देहात की करीब 25 हजार की आबादी प्रभावित हो सकती है इसे देखते हुए अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है। यमुना किनारों पर बैरिकेडिंग कर यमुना में जाने से रोका जा रहा है।
15 लोगों को किया गया रेस्क्यू
यमुना का जलस्तर बढ़ने से बुढ़ाना में अचानक से पानी आ गया, इससे खेत टापू बन गया। इसमें 15 लोग फंस गए, पुलिस ने इन सभी 15 लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।