आगरालीक्स…(Video) जनकपुरी मेें धूमधाम से हुआ तुलसी-सालिगराम का विवाह संस्कार, कुछ ही देर में जनकमहल में सीताजी संग दर्शन देंगे प्रभु श्रीराम. जनकपुरी में उत्साह अपार
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में गुरुवार को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन कमला नगर में तुलसा जी और सालिगराम भगवान के प्रतीकात्मक विवाह संस्कार द्वारा प्रभु राम और जगत जननी माँ जानकी का विवाह संपन्न हुआ। श्री राम जय राम जय जय राम के जयकारों और मंगलम भगवान विष्णु मंगलम गरुड़ ध्वज: के मंगल स्वर के मध्य पाँच सहयोगी ब्राह्मणों के साथ पंडित वेद प्रकाश प्रचेता ने वैदिक मंत्रोच्चारों से सात फेरों सहित विवाह की सभी रस्में पूर्ण करवाईं। मिथिला नगरी के सैकड़ों बड़भागी लोग इस पुण्यदायी विवाह के साक्षी बने। सिया रामचंद्र के संग पड़न लागी भाँवरिया के मंगल स्वरों ने सबको भाव विभोर कर दिया।
आभूषण, फल, मेवा सुहाग का सामान, मिठाई, वस्त्र, दक्षिणा के लिफाफे आदि सामग्री के साथ सभी में फेरी डालने और कन्यादान लेने की होड़ लगी रही। राजा जनक राजेश अग्रवाल और महारानी सुनयना अंजू अग्रवाल ने गले का सोने का सेट और पांँच साड़ियों से कन्यादान लिया, तुलसा जी के पैर पूजे और इस पुण्यदायी अवसर के लिए अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान महारानी सुनैना, श्रीमती अंजू अग्रवाल और संगीता अग्रवाल ने ‘आज तुलसा को प्यारी दुल्हन बनाओ सखियो!’, ‘ सज के चली तुलसा प्यारी’, हरे बाँस मंडप छाये, सीता जी को ब्याहने सालिगराम आए.. ‘ और ‘ तुलसा तेरी मेहंदी में नाम सालिगराम का देखा है..’ जैसे मंगल गीतों से विवाह उत्सव में चार चांद लगा दिये। विनीता अग्रवाल, ममता अग्रवाल, रीता अग्रवाल, पलक अग्रवाल और मलाईका अग्रवाल ने साथ दिया।