आगरालीक्स…हे राजा राम! तेरी आरती उतारूँ..जनक महल के साथ प्रभु सियाराम की एक झलक के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालु…मिथिलावासी हुए भावविह्वल
जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत गुरुवार दोपहर विवाह के बाद शाम को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन कमला नगर से आकर्षक डोले में विराजमान जगत जननी जानकी के साथ बैंड बाजों की भजन लहरियों पर प्रभु राम जब अपने भाइयों सहित अलग-अलग घोड़ों पर नगर भ्रमण करते हुए जनक मंच पहुंचे तो पूरी मिथिला नगरी में श्रद्धा, आस्था, स्वागत, दर्शन, आरती और पुष्प वर्षा का ऐसा अनवरत अनूठा सिलसिला चला कि हर कोई इस अलौकिक नजारे को मोबाइल में कैद करता नजर आया। प्रभु राम को अपने रूबरू देखकर मिथिला वासी भावविह्वल हो गए।

जनक मंच पहुंचने पर ड्रोन द्वारा प्रभु के स्वरूपों पर पुष्प वर्षा और आतिशबाजी की गई। श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने शंखनाद किया। केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मधु बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, विधायक जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे और नीतेश शिवहरे ने ‘हे राजा राम! तेरी आरती उतारूँ’ की मधुर धुन पर प्रभु सियाराम की युगल मनोहर छवि की आरती उतारी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रभु राम के चरित्र और आदर्श को हमें जीवन में उतारना चाहिए।

