आगरालीक्स…आगरा में मूर्ति विसर्जन के दौरान 13 युवक डूबे, देर रात एक और की मिली लाश. अब तक तीन की मौत, अन्य की रातभर होती रही तलाश
आगरा के खेरागढ़ स्थित उटंगन नदी में गुरुवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान कुसियापुर डूगरवाला के 13 युवक उटंगन नदी में डूब गए. ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत से एक युवक विष्णु को बचा लिया. पुलिस की मदद से गोताखोंरों ने तलाश की तो दो युवक ओमपाल और गगन के शव निकाले गए. देर रात एक अन्य किशोर मनोज का शव भी मिल गया. अब भी नौ युवक लापता है जिनमें पांच नाबालिग हैं. इस घटना से गांव में कोहराम मच गया है.
सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी और डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा भी मौके पर पहुंचे. गुस्साए लोगों ने एसडीआरएफ के न पहुंचने पर जाम लगा दिया. अधिकारियोें के समझाने पर दो घंटे बाद ग्राामीण शांत हुए.
हादसा गुरुवार दोपहर एक बजे हुआ. गांव कुसियापुर में चामड़ माता मंदिर के पास नवरात्र में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई थी. दशहरा पर मूर्ति विसर्जन के लिए गांव के 40—50 महिला पुरुष और बच्चे उटंगन नदी के पास पहुंचे. इनमें 13 युवक मूर्ति को विसर्जन करने के लिए नदी में उतरे और गहने पानी में चले गए. थोड़ी देर में ही चीख पुकार मचने लगी इस पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाई लेकिन एक युवक विष्णु को उन्होंने बचा लिया. उसके बाद उसे अस्पपताल में भर्ती कराया. इधर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. गोताखोरों द्वारा नदी में युवकों की तलाश की गई तो दो युवक ओमपाल और गगन के शव नदी से निकाले गए. इसके बाद कोहराम मच गया. देर रात तक तलाश जारी रही. रात को मनोज नाम के एक और नाबालिग का शव नदी से निकाला गया है. बाकी 9 अन्य की तलाश जारी है. हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया है.