आगरालीक्स…आगरा में मूर्ति विसर्जन में 13 डूबे, दो और युवकों की लाश नदी निकली, अब तक पांच की मौत. कोहराम और हाहाकार
आगरा के खेरागढ़ स्थित उटंगन नदी में मूर्ति विसर्जन के बाद हुए दर्दनाक हादसे में अब दो और युवकों की लाश शुक्रवार को निकाल ली गई हैं. गुरुवार को विसर्जन के दौरान गांव कुसियापुर डूगरवाला के 14 युवक गहरे पानी में डूब गए थे. एक युवक विष्णु को उसी समय ग्रामीणों ने किसी तरह बचा लिया. इसके बाद यहां अफरातफरी मच गई. सूचना पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. डेढ़ घंटे बाद दो अन्य युवक ओमपाल और गगन के शव नदी से निकाले गए जबकि देर रात एक अन्य किशोर मनोज का शव भी मिल गया. इसके बाद शुक्रवार को दो अन्य युवकों के शव भी गोताखोरों को नदी से मिल गए हैं. अब भी आठ का पता नहीं चल सका है. नदी में उनकी तलाश की जा रही है. हादसे के बाद गांव के लोगों में कोहराम मच गया है. तलाश में पुलिस और प्रशासन के साथ एसडीआरफ भी लगी है.
हादसा गुरुवार दोपहर एक बजे हुआ. गांव कुसियापुर में चामड़ माता मंदिर के पास नवरात्र में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित की गई थी. दशहरा पर मूर्ति विसर्जन के लिए गांव के 40—50 महिला पुरुष और बच्चे उटंगन नदी के पास पहुंचे. इनमें 13 युवक और एक किशोर मूर्ति को विसर्जन करने के लिए नदी में उतरे और गहने पानी में चले गए. थोड़ी देर में ही चीख पुकार मचने लगी इस पर वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाई लेकिन एक युवक विष्णु को उन्होंने बचा लिया. उसके बाद उसे अस्पपताल में भर्ती कराया. इधर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.