आगरालीक्स…साबरमती के संत को किया याद. भक्ति और देशभक्ति की भावना से गूंजा होराइजन कॉम्पिटिशन स्कूल
होराइजन कॉम्पिटिशन स्कूल, रोहता, आगरा में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और गरिमामयी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक डॉ. अंकुर काबरा एवं प्राचार्या गायत्री वासवानी द्वारा गांधीजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति
इस अवसर पर विशेष गीत “साबरमती के संत” प्रस्तुत किया गया, जिसकी स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्ति और देशभक्ति की भावना से भर दिया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने नृत्य-नाटिकाएँ, भाषण और समूह गीत प्रस्तुत किए, जिनमें गांधीजी के जीवन दर्शन, उनके सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को जीवंत रूप में दर्शाया गया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने उपस्थित सभी दर्शकों को गांधीजी के जीवन संघर्ष और महानता की झलक कराई।
अपने संबोधन में विद्यालय के निदेशक डॉ. अंकुर काबरा ने महात्मा गांधी के स्वतंत्रता संग्राम में दिए गए नेतृत्व, उनके संघर्षों और बलिदानों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे उनके आदर्शों को जीवन में अपनाएँ। उन्होंने यह भी बताया कि गांधीजी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। वहीं, विद्यालय की प्राचार्या गायत्री वासवानी ने गांधीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा उनका जीवन प्रत्येक विद्यार्थी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्य, नैतिकता और धर्मनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने वर्तमान भारत की उपलब्धियों, प्रगति और समृद्धि का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।