आगरालीक्स…आगरा के सर्राफा कारेाबारी से रायपुर में डेढ़ करोड़ की लूट. बदमाशों ने फ्लैट में घुसकर 86 किलो चांदी लूटी..
आगरा के सर्राफा कारोबारी से रायपुर में डेढ़ करोड़ रुपये की चांदी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. रायपुर के सदर बाजार सिथत राजधानी पैलेस में किराए के फ्लैट में रह रहे आगरा के सर्राफा व्यापारी राहुल गोयल के साथ यह वारदात हुई है. सुबह चार बजे बदमाश इनके फ्लैट में घुसे और यहां हाथ पैर बांधकर 86 किलो चांदी लूट ले गए. चांदी की कीमत डेढ़ करोड़ बताई गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिटी कोतवाली थाना का है. यहां सदर बाजार के पीछे राजधानी पैलेस है. आगरा निवासी सर्राफा व्यवसायी राहुल गोयल राजधानी पैलेस में किराए के फ्लैट में रहते हैं. कारोबार के सिलसिले में वो अक्सर आगरा से रायपुर आते जाते रहते हैं. शनिवार सुबह चारबजे दो बदमाश इनके फ्लैट में घुसे और दरवाजा खटखटाया लेकिन कारोबारी ने दरवाजा नहीं खोला. इस पर बदमाशों ने कारोबारी का नाम लेकर बुलाया तो राहुल गोयल ने दरवाजा खोल दिया. दरवाजा खुलते ही बदमाशों ने पहले पिस्टल तानी और फिर बेहोशी की दवा राहुल को सुंघा दी. बेहोश होने के बाद कारोबारी के हाथ पैर बांध दिए और फिर कमरे में रखे चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए. बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए. होश हाने पर कारोबारी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.