आगरालीक्स…दिवाली की तारीख को लेकर न हो कन्फ्यूज. ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा से जानें धनतेरस से भाईदूज की डेट
हर साल कार्तिक अमावस्या को दीपावली का त्योहार मनाया जाता है. इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विधान है. मान्यता है कि इस दिन की पूजा से घर में धन—समृद्धि, वैभव और खुशियों का वास होता है. 5 दिनों तक चलने वाले दिवाली उत्सव की रौनक धनतेरस से शुरू होकर भाई दूज तक रहती है. लेकिन इस बार दिवाली की तारीख को लेकर लोगों में कन्फ्यूजन है कि वो दिवाली की पूजा 20 अक्टूबर को करें या फिर 21 अक्टूबर को. ऐसे में आगरा की ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा से जानिए इस बार दिवाली से लेकर भाईदूज तक की तारीखें
धनतेरस
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर शुरू होगी और इस तिथि का समापन 19 अक्टूबर रविवार दोपहर एक बजकर 51 मिनट पर होगा. ऐसे में 18 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व मान्य होगा.
छोटी दिवाली
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार 19 अक्टूबर को छोटी दिवाली का पर्व मनाया जाएगा. इस दिन हनुमान जी की पूजा करना बेहद शुभ है. छोटी दिवाली पर पूजा के लिए शुभ मुहूर्त भी रात 11 बजकर 41 मिनट से लेकर देर रात 12 बजकर 31 मिनट तक है.
दिवाली
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार कार्तिक अमावस्या की तिथि 20 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 44 मिनट से शुरू होगी जो कि अगले दिन यानी 21 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 54 मिनट तक है. चूंकि दिवाली पर लक्ष्मी पूजन सूर्यास्त के बाद किया जाता है, ऐसे में दिवाली का पर्व 20 अक्टूबर को मान्य होगा.
गोवर्धन पूजा
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार गोवर्धन पूजा हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है जिसे दिवाली के अगले दिन मनाया जाता है. इसे अन्नकूट भी कहा जाता है. कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 31 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 54 मिनट पर होगी. इस तिथि का समापन अगले दिन 22 अक्टूबर को रात 8 बजकर 16 मिनट पर है. तिथि के अनुसार गोवर्धन पूजा 22 अक्टूबर को मनाया जाएगा.
भाई दूज
ज्योतिषाचार्य आशिमा शर्मा के अनुसार इस वर्ष भाईदूज की तिथि का प्रारंभ 22 अक्टूबर को रात 8 बजकर 16 मिनट से शुरू होगा जिसका समापन 23 अक्टूबर को रात 10 बजकर 46 मिनट पर है. ऐसे में भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर को मनाया जाएगा.