आगरालीक्स…आगरा के एसएनएमसी में फिजियोलॉजिस्ट ने “क्लिनिकल एप्लीकेशन्स ऑफ इवोक्ड पोटेंशियल्स” और “स्ट्रेस से संबंधित विकारों में योग की भूमिका” पर दिए व्याख्यान..
एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के फिज़ियोलॉजी विभाग द्वारा एक ज्ञानवर्धक अतिथि व्याख्यान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता रहे। इस अवसर पर दो प्रतिष्ठित फिज़ियोलॉजिस्ट एवं एमडी परीक्षक — डॉ. वरुण मल्होत्रा, अतिरिक्त प्रोफेसर, फिज़ियोलॉजी विभाग, एम्स भोपाल तथा डॉ. ज्योति द्विवेदी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, फिज़ियोलॉजी विभाग, एचआईएमएस देहरादून के अतिथि वक्ता के रूप में व्याख्यान दिए।
डॉ. वरुण मल्होत्रा ने “क्लिनिकल एप्लीकेशन्स ऑफ इवोक्ड पोटेंशियल्स” विषय पर व्याख्यान देते हुए न्यूरोफिज़ियोलॉजी परीक्षणों के नैदानिक एवं अनुसंधानात्मक महत्व पर विस्तार से चर्चा की। वहीं डॉ. ज्योति द्विवेदी ने “स्ट्रेस से संबंधित विकारों में योग की भूमिका” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने योग के वैज्ञानिक आधार एवं शरीरक्रियात्मक प्रभावों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से समझाया।
एसएन के फिजियोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष और प्रोफेसर डॉ.दिव्या श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक आयोजनों से स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के ज्ञानविस्तार और शैक्षणिक दृष्टिकोण में अत्यंत समृद्धि होती है। प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विभाग द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की और विद्यार्थियों को ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
पहला सत्र डॉ. राजेश गुप्ता (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, सर्जरी), डॉ. ऋतु गुप्ता (प्रोफेसर, ई.एन.टी.) तथा डॉ. दिव्या श्रीवास्तव (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, फिज़ियोलॉजी) द्वारा संचालित किया गया।
दूसरा सत्र डॉ. शिखा सिंह (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, स्त्री एवं प्रसूति रोग), डॉ. अंशिका अरोरा (प्रोफेसर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी), तथा डॉ. ऋचा श्रीवास्तव (प्रोफेसर, फिज़ियोलॉजी विभाग) द्वारा संचालित किया गया।