आगरालीक्स… अंबेडकर विवि की आज से शुरू हुई एलएलबी की परीक्षा में एडमिट कार्ड के बिना छात्र पहुंचे, नोडल सेंटर पर सीट प्लान भी नहीं थे, इससे छात्रों के साथ शिक्षक परेशान रहे।
विवि से संबद्ध विधि कॉलेजों के एलएलबी और बीए एलएलबी के छात्रों की सत्र 2017 की परीक्षाएं 25 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होनी हैं। रविवार शाम तक करीब दो हजार छात्रों के प्रवेश पत्र जारी नहीं हुए हैं। सुबह से रात तक ऐसे छात्र विवि और कॉलेज के चक्कर लगाते रहे। कुलसचिव केएन सिंह ने बताया कि कॉलेज प्राचार्यो की लापरवाही से छात्रों के समय से परीक्षा फॉर्म नहीं भरे गए हैं। छात्रों को कोई समस्या नहीं होने दी जाएगी। 2015 के बाद के गैप वाले छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया है।
सुबह आठ बजे से परीक्षा, नहीं था एडमिट कार्ड
बीए एलएलबी और एलएलबी की परीक्षाएं दो पाली में होनी है। पहली पाली में सुबह आठ से 11 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर एक से चार बजे तक। आगरा में आगरा कॉलेज, आरबीएस और सेंट जोंस कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया गया है। वहीं, आठ जिलों के 13 नोडल सेंटर पर परीक्षा होनी है।