आगरालीक्स…सिक्सर किंग हैं आगरा के कार्तिक शर्मा. पिता के सपनों पूरा कर अब आईपीएल में धोनी के साथ खेलेंगे. सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी के परिवार की कहानी संघर्ष भरी…कार्तिक के छक्के के रिकॉर्ड देखें…
आगरा के कार्तिक शर्मा को आईपीएल 2026 के आक्शन में 14.20 करोड़ में चेन्नई सुपरकिंग्स ने अपने नाम किया है. 19 साल के कार्तिक शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में बिके हैं और अगले सेशन में वह महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलेंगे. राजस्थान की ओर से खेलने वाले कार्तिक शर्मा को सिक्सर किंग के नाम से टीम में जाना जाता है और इसकी पुष्टि उनके आंकड़े भी करते हैं. कार्तिक शर्मा ने फस्ट क्लास, लिस्ट ए और टी20 में अब तक 29 मैच खेले हैं और इनके नाम पर 1228 रन है. इन 29 मैच में कार्तिक शर्मा 78 छक्के और 87 चौके लगा चुके हैं. फस्ट क्लास में तीन और लिस्ट ए में 2 सेंचुरी भी हैं. वहीं टी 20 में ये दो फिफ्टी मार चुके हैं. कार्तिक के लिए संघर्ष से भरी है परिवार की कहानी14.20 करोड़ में बिकने वाले आगरा के कार्तिक शर्मा मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले हैं लेकिन अब परिवार आगरा के बोदला में रहता है. घर में इस समय खुशी का माहौल है. आसपास के लोग, रिश्तेदार भी बधाइयां दे रहे हैं. लेकिन आज जो खुशी परिवार के लोगों में है उसके पीछे भावुक करने वाली और संघर्ष से भरी एक कहानी भी है.
पिता का सपना—बेटे को बनाना है क्रिकेटर
कार्तिक के पिता का नाम मनोज शर्मा है जो पूर्व प्राइवेट शिक्षक हैं और खुद तेज गेंदबाज थे लेकिन 28 सल की उम्र में मैच के दौरान चोट लगने से कॅरियर खत्म हो गया था, तभी उन्होंने ठान लिया था कि बेटे को क्रिकेटर बनाना है. कार्तिक के दादा रिटायर्ड सरकारी कर्मचारी थे और उनकी पेंशन से ही घर का खर्च चलता था. पिता ने बच्चे के कॅरियर के लिए 200 गज का प्लाट बेचा और गेंद फेंकने वाली मशीन और नेट खरीदे. इसके बाद कार्तिक को एसआर क्रिकेट अकादमी में दाखिला दिलाया गया. इसके बाद आगरा की गोयनका चाहर क्रिकेट अकादमी में लोकेंद्र चाहर के मार्गदर्शन में ट्रेनिग शुरू की गई. अंडर 14 में कार्तिक का चयन हो गया लेकिन अच्छी किट चाहिए थी. इसके लिए मां राधा शर्मा ने अपने गहने बेच दिए और एक लाख रुपये से ज्यादा की किट खरीदी. कार्तिक का जुनून और परिवार की मेहनत अब रंग लाई है