मथुरालीक्स…नये साल पर वृंदावन नहीं आने की अपील. रिकॉर्ड संख्या में लोगों के वृंदावन पहुंचने पर बढ़ा दबाव. हाइवे, मुख्य मार्गों सहित कुंज गलियों तक में जाम…
नये साल से पहले ही वृंदावन के ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए इस समय श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा पड़ा हुआ है. नये साल से पहले ही श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या वृंदावन पहुंच रही है. ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर से लेकर निधिवन राज मंदिर तक भीड़ का दबाव काफी था. मंदिर के बाहर और अंदर पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी. श्री बांकेबिहारी मंदिर के सेवायतों ने श्रद्धालुओं से फिलहाल वृंदावन न आने की अपील की है. सेवायतों का कहना है कि वर्तमान स्थितियों को देखते हुए यदि यात्रा को कुछ समय के लिए टाल दिया जाए तो यह श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यवस्था दोनों के लिए बेहतर होगा.
वर्ष के अंतिम दिनों व नएसाल पर ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन करने के लिए इस समय वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब है. शहर के होटल, गेस्ट हाउस से लेकर सभी धर्मशालाएं तक हाउसफुल हैं. एक सप्ताह पहले ही सभी में बुकिंग हो चुकी है. शनिवार को मंदिर के बाहर से लेकर अंदर तक भीड़ का आलम इतना अधिक था कि पैर रखने तक की जगह नहीं थी. पुलिस ने व्यवस्था के लिए मोर्चा संभाला और रोक—रोक कर श्रद्धालुओं को आगे बढ़ाया जाने लगा. मंदिर में श्रद्धालुओं का ठहराव खत्म करने के लिए पसीने छूट गए.