आगरालीक्स…आगरा में घने कोहरे के बीच हाइवे पर कार का पेट्रोल हुआ खत्म. डॉयल 112 को किया फोन तो पेट्रोल लेकर पहुंच गए पुलिसकर्मी…संकट में बने संकटमोचक
आगरा में कड़ाके की सर्दी के बीच रात को हाइवे पर एक कार का पेट्रोल खत्म हो गया. बुढ़िया के ताल के पास कार रुक गई. कार में दिव्यांग युवक और उसकी बहन थे जो कि आगरा से फिरोजाबाद अपने घर जा रहे थे लेकिन रास्ते में कार का पेट्रोल खत्म हो गया. हाइवे पर घना कोहरा और ठंड के बीच वहां कोई नहीं था. ऐसे में युवक ने डायर 112 पर इसकी सूचना दी तो दो पुलिसकर्मी संकटमोचक बनकर उनके पास पेट्रोल लेकर पहुंच गए और कार में पेट्रोल डाला. इसके बाद दोनों भाई बहन सकुशल रवाना हो गए.
फिरोजाबाद निवासी होरी लाल वर्मा ( एक पैर से दिव्यांग) अपनी बहन के साथ कार में आगरा की ओर से आ रहे थे. यहां बुढ़िया का ताल के पास सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घने कोहरे में उनकी कार अचानक फ्यूल (पेट्रोल) खत्म होने पर रुक गई. कार में भाई-बहन के अलावा अन्य कोई नहीं था. भाई एक पैर से दिव्यांग था और बहन अकेली जा नहीं सकती थी. इस संकटकाल में आसपास उनका कोई सगा-संबंधी भी नहीं था. बीच सफर में आए इस संकट में दिव्यांग भाई ने अपने मोबाइल फोन से काॅल कर यूपी डायल 112 पुलिस सेवा पर मदद की गुहार लगाई. इस पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम से पीआरवी 4097 को दी गई लोकेशन पर तत्परता से पहुंचकर मदद करने का आदेश दिया गया. क्षेत्रीय पीआरवी गाड़ी पर तैनात संदेश कुमार और चालक शैलेन्द्र कुमार मौके पर पहुंचे और नजदीकी पेट्रोल पंप से दो लीटर की प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लाकर उनकी कार में डाल दिया. इसके बाद दोनों भाई-बहन संकटमोचक पुलिसकर्मियों का आभार जताकर सकुशल गंतव्य को रवाना हो गए.