आगरालीक्स..यमुना एक्सप्रेस वे पर 3 किलोमीटर लंबे जाम के बाद रविवार शाम को टोल फ्री कर दिया गया। आगरा से नोएडा तक यमुना एक्सप्रेस वे के टोल पर घँटों वाहन फंसे रहे।
दीपावली की छुट्टी के रविवार को आगरा से दिल्ली जाने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे पर सुबह से ही भीड़ रही। शाम होते होते आगरा से यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़ते ही वाहनो की लंबी लाइन दिखाई देने लगी। आगरा से खंदौली टोल प्लाजा तक करीब तीन किलोमीटर तक जाम लग गया। हालात बेकाबू होने पर खंदौली टोल प्लाजा वाहनों के लिए फ्री कर दिया गया। इसके बाद भी रात तक जाम लगा रहा।
आगरा से निकले मथुरा टोल पर फंसे
आगरा के खंदौली टोल प्लाजा से निकले के बाद वाहन मथुरा के मांट टोल प्लाजा पर फंस गए। यहां भी टोल पर लंबी लाइन लगी रही। रात तक टोल प्लाजा पर वाहन फंसे रहे।
दोपहर बाद लगा जाम
दीपावली की छुट्टी के बाद रविवार दोपहर से यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का लोड बढ़ता गया। टोल प्लाजा पर एक वाहन पर 2 से 3 मिनट लगाने पर शाम चार बजे के बाद खंदौली टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार लगने लगी, 5 बजे तक दर्जनों वाहन जाम में फंस गए। कुछ ही देर मेंआगरा कट तक वाहन पहुच गए।
यमुना एक्सप्रेस वे से 20 से 25 हजार वाहन गुजरते हैं लेकिन रविवार को करीब एक लाख वाहन निकले, इससे जाम लग गया। वाहनों की लाइन कुबेरपुर इंटरचेंज तक पहुंच गईं थी। इसके चलते एत्मादपुर पुलिस को भी यातायात सुचारू करने के निर्देश जारी कर दिए। दोपहर एक बजे से लगा जाम शाम छह बजे के बाद सामान्य हो सका।
एक घंटे में लाखों का नुकसान
एक घंटे टोल फ्री करने पर जेपी ग्रुप को लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा। जेपी ग्रुप के अधिकारी ब्रिगेडियर पीके सहगल का मीडिया से कहना है कि डीएम के आदेश पर वाहनों का ज्यादा दबाव होने पर करीब एक घंटे के लिए टोल फ्री कर दिया गया था।