आगरालीक्स…आगरा पुलिस ने 1.15 करोड़ का गांजा पकड़ा. कैंटर में नारियलों के बीच में छुपा कर ले जाया जा रहा था. दो तस्कर अरेस्ट…एटा का है अवैध गांजे का व्यापारी.
आगरा की थाना नाई की मंडी पुलिस ने साइबर सर्विलासं और काउंटर इंटेलीजेंस टीम के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले दो तस्करों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 225.360 किग्रा अवैध मादक पदार्थ (गांजा) बरामद किया है. इसकी अनुमानित कीमत 1.15 करोड़ रूपये है. पुलिस ने इसके अलावा एक टाटा कैंटर, तीन मोबाइल और 600 रुपये बरामद किए हैं. ये लोग कैंटर में नारियलों के बीच गांजा को छुपाकर ले जा रहे थे.
पकड़े गए तस्करों के नाम
1- महेश पुत्र प्रकाश नि० ग्राम बस्तोई थाना सिकन्द्राऊ जनपद हाथरस उम्र करीब 25 वर्ष
2- दिलीप कुमार पुत्र लल्लू सिंह नि0 भील नगर थाना सकरौली जनपद एटा उम्र करीब 24 वर्ष
एटा में है गांजे का व्यापारी, दोनों आए लालच में
पुलिस ने जब गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि दिनेश कुमार पुत्र मान सिंह निवासी भील नगर थाना सकरौली जनपद एटा अवैध गांजा का व्यापार करता है, जिसके लालच में दोनों अभियुक्त आ गये थे. महेश ने बताया कि 17 जनवरी को दिनेश उसे रांची लेकर आया था, जहां पहले से ही यह गाड़ी खड़ी मिली थी. दिनेश ने उसे एक मोबाइल दिया और कहा कि टुण्डला के पास दिलीप कुमार को उसके पास भेज देगा. टूंडला आने पर दिलीप उसे मिल गया और दोनों आगरा आ गए. दिनेश ने दोनों अभियुक्तों को मय गाड़ी के तहसील सदर के पास रुकने को कहा था. उन्होंने बताया कि अभियुक्त दिनेश को ही पता था कि बरामद माल कहाँ देना था.