आगरालीक्स…आगरा में एचआर मैनेजर गर्लफ्रैंड का वीभत्स कत्ल. तीन दिन बाद भी नहीं मिला सिर, क्राइम पेट्रोल देखकर सात दिन पहले रची हत्या की साजिश
आगरा के संजय प्लेस स्थित एक कंपनी में एचआर मैनेजर का कत्ल वीभत्स तरीके से किया गया था. त्रिकोणीय प्रेम के शक में प्रेमी कंप्यूटर आपरेटर ने सात दिन पहले ही उसकी हत्या की साजिश रच ली थी. इसके लिए उसने क्राइम पेट्रोल सीरियल का सहारा भी लिया और तरीके तलाश किए. पुलिस ने जब हत्यारोपी युवक विनय राजपूत को अरेस्ट किया तो इस वीभत्स हत्या का खुलासा हुआ. पुलिस को अभी तक जवाहरपुल से एक बोरे में युवती का धड़ मिला है लेकिन उसका सिर अभी भी नहीं मिला है. पुलिस झरना नाले में उसके सिर की तलाश कर रही है.
पढ़ें पूरा मामला
23 जनवरी की रात को करीब एक बजे हाइवे स्थित जवाहरपुल पर पुलिस को एक बोरा मिलता है. बोरे को खोला जाता है उसमें एक युवती की लाश मिलती है. लाश का केवल धड़ होता है लेकिन उसका सिर नहीं मिलता है. शरीर पर चोटों के निशान भी मिलते हैं. पुलिस सीसीटीवी आदि के फुटेज चेक करती है तो एक युवक स्कूटी पर बोरा लेकर जवाहरपुल की तरफ आता नजर आया. वहीं इसी रात को करीब 10 बजे थाना एत्माद्दौला में मिंकी शर्मा नाम की युवती के गायब होने गुमशुदगी दर्ज की जाती है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर उसकी पहचान मिंकी शर्मा के रूप में होती है. पुलिस मृतका के आफिस जाते हैं और यहां सीसीटीवी चेक करते हैं तो कंप्यूटर आपरेटर विनजय राजपूत बोरे को खींचकर आफिस से बाहर लेकर जाता नजर आया. पुलिस ने जब विनय राजपूत को हिरासत में लिया और उससे कड़ी पूछताछ की तो हत्या की बात उसने कबूल की.
त्रिकोणीय प्रेम के शक में की हत्या
मिंकी शर्मा टेढ़ी बगिया के पार्वती विहार की रहने वाली थी और संजय प्लेस स्थित मारुति प्लाजा की छठवीं मंजिल पर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में एचआर मैनेजर थी. कंपनी में ही ट्रांस यमुना कॉलोनी में रहने वाला विनय राजपूत कंप्यूटर आपरेटर था. दोनों के बीच कई साल से प्रेम संबंध थे लेकिन पिछले छह महीने से मिंकी किसी और से भी बात करने लगी थी और यह बात विनय को अच्छी नहीं लग रही थी.
सप्ताह भर पहले रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में विजय ने बताया कि वह मिंकी से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था. मिंकी भी पहले उससे शादी करना चाहती थी और दोनेां ने अपने परिजनों को भी बताया था लेकिन छह महीने पहले उसे पता चला कि मिंकी किसी और से भी बात करती है और उससे मिलने जाती है.इससे दोनों के बीच झगड़े होने लगे. इस पर उसने सप्ताह भर पहले मिंकी की हत्या की साजिश रची और इसके लिए क्राइम पेट्रोल जैसे सीरियल भी देखें. विनय ने 23 जनवरी को मिंकी को आफिस बुलाया और यहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया. विनय पहले से ही चाकू लेकर आया था और उसने ताबड़तोड़ मिंकी पर हमले कर दिए. मिंकी लहूलुहान होकर गिर गई और उसकी मौत हो गई.
ऐसे शव लगाया ठिकाने
इस पर विनय ने मिंकी के शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. उसने कूड़ा रखने वाली पॉलीथिन में शव को रखा. जब पूरी बॉडी उसमें नहीं आई तो चाकू से काटकर उसके सिर को धड़ से अलग कर दिया और इसके बाद प्लास्टिक के बोरे में शव रख दिया. इसके ऊपर पार्सल पैक करने वाला टेप लपेट दिया. सिर को अलग बैग में रख लिया और मिंकी की ही स्कूटी से शव को ठिकाने लगाने चल दिया. वह यमुना में शव को फेंकना चाहता था लेकिन बोरा उठा नहीं सका. इधर राहगीरों के आने पर वह बोरा पटककर झरना नाला की तरफ भाग गया और झरना नाला में सिर, मोबाइल, मिंकी के कपड़े और बैग को ठिकाने लगा दिया. शाहदरा के पास उसकी स्कूटी को छोड़ दिया और फिर दोस्त को बुलाकर घर चला गया.
भाई की शादी है 6 फरवरी को
मिंकी के छोटे भाई दीपक की 6 फरवरी की शादी थी और 23 जनवरी की दोपहर को करीब दो बजे मिंकी घर से निकली थी और उसने भाई की शादी का कार्ड कूरियर करने के लिए जाने की बात कही थी. लेकिन रात आठ बजे तक मिंकी वापस नहीं लौटी. परिजनों ने फोन मिलाया तो वह स्विच आफ था. आफिस गए तो वह बंद मिला. रात 10 बजे परिजनों ने थाना ट्रांस यमुना पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी दर्ज कराई.