आगरालीक्स…आगरा में घर के अंदर चार्जिंग पर लगी ई बाइक में धमाके के बाद घर में लगी आग. घर का सामान भी जलकर हो गया राख
आगरा में घर के अंदर चार्जिंग पर लगी एक ईबाइक में ऐसा विस्फोट सा हुआ कि घर में आग लग गई. हादसे में घर के अंदर रखा कई घरेलू सामान जलकर राख हो गए. हालांकि परिवार के लोग सुरक्षित रहे. हादसा खंदौली की ग्राम पंचायत सेमरा में हुआ है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में बैटरी फॉल्ट या शॉर्टसर्किटसे आग की आशंका जताई जा रही है. मामले की जांच की जा रही है.
सेमरा में रहने वाले चरण सिंह परमार के अनुसार उन्होंने यह ई बाइक छह महीने पहले ही खरीदी थी. रोज की तरह रात में बाइक को चार्ज पर लगाया था. मौसम खराब होने के कारण ईबाइक को घर के अंदर कमरे में खड़ा कर दिया गया और चार्ज पर लगाया गया. बुधवार सुबह जब परिवार के एक सदस्य ने जैसे ही बाइक को स्टार्ट किया तेज धमाका हुआ और ई बाइक में आग लग गई. इससे पहले कि घर के लोग कुछ संभल पाते आग ने घरेलू सामानों को भी चपेट में ले लिया. आसपास के लोगों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आग के कारणों की जांच कर रही है.