मथुरालीक्स …Mathura News: बरसाना के राधारानी के लाडली मंदिर में टोकन सिस्टम से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। बांकेबिहारी मंदिर की होली घर बैठे देख सकेंगे।
बरसाना में ब्रहृमांचल पर्वत पर राधारानी का लाडली मंदिर है, राधा जू के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इससे अव्यवस्था होने लगी है। श्रद्धालुओं को दर्शन करने में समस्या न आए इसके लिए टोकन सिस्टम शुरू किया जा रहा है। इसका एक ट्रायल भी हो चुका है।
टोकन के साथ प्रसाद भी मिलेगा
बरसाना में बड़ी सिंहपौर पर पुलिस चौकी का निर्माण किया जा रहा है। यहां टोकन काउंटर भी बनाया जाएगा। राधा रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को टोकन लेना होगा, टोकन नंबर से ही राधारानी के दर्शन के लिए जा सकेंगे, इससे मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण में समस्या नहीं आएगी। साथ ही यहां निशुल्क प्रसाद भी श्रद्धालुओं को दिया जाएगा।
होली पर ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर से लाइव टेलीकास्ट
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के लाइव दर्शन के लिए कवायद चल रही है। दिल्ली की सुयोग्य मीडिया को लाइव स्ट्रीमिंग की जिम्मेदारी दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के साथ ही वेबसाइट पर मंदिर परिसर से लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। इस बार होली पर भी लाइव स्ट्रीमिंग शुरू होने की संभावना है इससे लोग अपने घर बैठे होली देख सकेंगे।