आगरालीक्स…आगरा में लग रहे भीषण जाम को रोकने के लिए लगेंगे मार्शल. एमजी रोड, हाइवे, माल रोड पर रहता है तगड़ा जाम. मेट्रो को मिले ये सख्त निर्देश
आगरा में इस समय सबसे बड़ी समस्या जाम बना हुआ है. शहर का एमजी रोड हो या फिर हाइवे, कोई चौराहा या फिर अन्य रास्ते. जाम ने हालत खराब कर रखी है. सुबह 8 बजे से 10 बजे तक फिर दोपहर में 2 से शाम चार बजे तक और इसके बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक लगभग पूरा शहर विकराल जाम की चपेट में होता है. एमजी रोड और हाइवे पर चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण भी यातायात व्यवस्था काफी हद तक खराब बनी हुई है. ऐसे में जाम की इस समस्या को दूर करने के लिए सोमवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने एक जरूरी बैठक की.20 मार्शल होंगे तैनात
बैठक में मंडलायुक्त ने निर्देश दिए गये कि यातायात को नियंत्रित किये जाने हेतु जगह-जगह मार्शल की तैनाती की जाए तथा 20 मार्शल यातायात पुलिस को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. मेट्रो विभाग द्वारा जहाँ-जहाँ बैरीकेटिंग को खोल दिया गया है, वहाँ सड़क मरम्मतीकरण एवं क्षतिग्रस्त किये गये फुटपाथ को बनाये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें कि कार्य कब प्रारम्भ किया जायेगा और कब तक पूर्ण कर लिया जायेगा. साथ ही आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन के साइनेज लगवायें.
मेट्रो को मिले ये निर्देश
नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि मेट्रो आगरा द्वारा कई स्थानों पर जहाँ अभी कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है, पर भी बेरीकेटिंग कर दिया गया है. निर्देश दिए गये कि जहाँ पर कार्य अभी प्रारम्भ नहीं किया गया है, वहाँ पर बैरीकेटिंग को आवश्यकता के अनुसार कम अथवा हटवा दिया जाये. एमजी रोड पर 144 पेड़ों के पातन की अनुमति उच्चतम न्यायालय से प्राप्त न होने के कारण मेट्रो कार्य बाधित हो रहा है. परियोजना निदेशक को निर्देश दिए गये कि उच्च्तम न्यायालय में पेड़ों के पातन की प्रभावी पैरवी कर अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें.
बैठक्स में जानकारी दी गई कि कुबेरपुर पर कतिपय व्यक्तियों द्वारा निजी बस अड्डा संचालित किया जा रहा है. सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आगरा को निर्देश दिए गये कि निजी बस अड्डा संचालित किए जाने के संबंध में जांच की जाए और रिपोर्ट पेश करें.क्षेत्रीय प्रबन्धक, उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा को निर्देश दिए गये कि कुबेरपुर पर बस अड्डा संचालित किए जाने हेतु कार्यवाही करना सुनिश्चित करें. यमुना एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं इनर रिंग रोड पर अन्य जनपदों (यथा-ग्वालियर, भरतपुर, हाथरस, धौलपुर आदि) की ओर जाने हेतु साइनेज लगाये जाने के संबंध में गत बैठक में लिये गये निर्णयों हेतु एक बैठक संबंधित विभागों के साथ निर्धारित की जाए.
बैठक में नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, अपर पुलिस आयुक्त यातायात हिमांशु गौरव, आरटीओ प्रवर्तन अखिलश द्धिवेदी, आरटीओ प्रशासन अरूण कुमार, रोडवेज मैनेजर बीपी अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक राम प्रवेश गुप्ता, आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक अरविन्द कुमार राय, आरबी सिंह प्रतिनिधि, मै जेपी इन्फ्राटेक प्रालि आदि मौजूद रहे।