आगरालीक्स…आगरा मेट्रो ने रोपे 5,000 पौधे. चलाया विशाल पौधरोपण अभियान
यूपी मेट्रो द्वारा नियमित अंतराल पर पौधारोपण किया जाता रहा है। इसी क्रम में अब यूपीएमआरसी द्वारा 5,000 पौधों के रोपण के साथ एक विशाल वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह वृक्षारोपण अभियान उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के फतेहाबाद स्थित मदयाना गांव में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के अधिकारियों, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधियों, परियोजना कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ आयोजित किया गया। यह पहल शहरी परिवहन के तीव्र विस्तार के साथ-साथ ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को बढ़ावा देने के लिए यूपीएमआरसी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बता दें कि इस अभियान का उद्देश्य परियोजना क्षेत्र और उसके आसपास हरियाली को बढ़ाना है, जिससे वायु गुणवत्ता में सुधार हो और दीर्घकालिक पर्यावरण स्थिरता को बढ़ावा मिले। इस मौके पर आगरा मेट्रो अधिकारियों ने ज़ोर दिया कि सस्टेनेबल डेवलपमेंट आगरा मेट्रो की मुख्य प्राथमिकता है। इस तरह के बड़े पैमाने पर पौधे लगाने से न सिर्फ़ इकोलॉजिकल बैलेंस में मदद मिलती है, बल्कि पर्यावरण सुरक्षा के प्रति कम्युनिटी की भागीदारी और जागरूकता भी बढ़ती है।