आगरालीक्स…मतदाता सूची में आपका नाम अभी भी नहीं हुआ शामिल तो मौका फिर मिल रहा है. रविवार 22 फरवरी को हर बूथ पर चलेगा विशेष अभियान. 4 घंटे तक मिलेंगे बीएलओ
अगर आपका नाम अभी भी मतदाता सूची में नहीं आया है या कोई त्रुटि अभी भी बाकी है तो प्रशासन द्वारा आगरा में 22 फरवरी रविवार को विशेष अभियान लगाया जा रहा है. पास स्थित मतदाता बूथ पर आप अपनी त्रुटि को ठीक करा सकते हैं या फिर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं.प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अन्तर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक संख्या में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से दावा एवं आपत्ति प्राप्त किये जाने हेतु चार विशेष अभियान दिवस आयोजित कराये जाने के निर्देश दिये गये हैं.इसी कड़ी में रविवार, दिनांक 22 फरवरी 2026 को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि- विशेष अभियान दिवस में प्रत्येक मतदेय स्थल पर प्रातः 10ः30 बजे से अपराह्न 1ः30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे. सभी बीएलओ के पास 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में सभी प्रकार के फार्म यथा 6, 6ए, 7 एवं 8 उपलब्ध रहेंगे. विशेष अभियान में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी जहाँ मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता प्रदान की जाएगी. मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को अभियान तिथि की जानकारी देते हुए उनसे सहयोग प्राप्त किया जाएगा. सभासदों, ग्राम प्रधानों एवं स्वयंसेवकों का भी नियमानुसार सहयोग लिया जाएगा.
इसके अतिरिक्त विशेष अभियान दिवस के पर्यवेक्षण हेतु समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भ्रमणशील रहते हुए विशेष अभियान को सफल बनाये जाने के निर्देश दिये गये हैं.उन्होंने समस्त नागरिकों से अपील की है कि विशेष अभियान दिवस-22 फरवरी, 2026 को अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम 6 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जॉच लें. यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अकिंत नही है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है. इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फॉर्म 8 भरा जा सकता है.