आगरालीक्स…Video…आगरा में होली पर परोसी जानी थी ‘सफेद जहर’ वाली मिठाई. खोया मंडी आ रहे 1320 किलो मिलावटी खोया जब्त. बदबू आ रही थी…जेसीबी से गड्ढे में दबवाया…
आगरा में होली से पहले प्रशासन ने भारी मात्रा में मिलावटी खोया जब्त किया है. विशेष जांच अभियान में राजस्थान से आ रहा 1320 किलो मिलावटी खोया एफएसडीए की टीम ने पकड़ा. करीब 2.37 लाख रुपये का इस मिलावटी खोया को जेसीबी से गड्ढा खोदकर उसमें दबवाकर नष्ट कराया गया. खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्यवाही में राजस्थान से खपाने लाया जा रहा 13 क्विंटल खोया मोबाइल लैब टेस्ट में फेल हुआ है.खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शनिवार सुबह करीब 8 बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड, आगरा पर वाहन संख्या यूपी83डीटी1441 बोलेरो पिकअप को रोका गया. वाहन में कुल 1320 किलोग्राम खोया (प्रति डलिया 60 किलोग्राम) पाया गया, जो 22 डलियों में रखा था जिसे आगरा खोया मंडी में विक्रय हेतु लाया जा रहा था, जिसकी कुल कीमत लगभग 2,37,600 रू० (180 रू० प्रति किलोग्राम ) थी. मौके पर वाहन चालक- नारायण सिंह पुत्र श्री अजमेर सिंह, निवासी- गढ़ी, जोनावद, राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) ने बताया कि उक्त खोया मालिक राजन सिंह पुत्र मुरारी लाल, निवासी डांडोली, राजाखेड़ा (राजस्थान) का हैं. एफएसडब्ल्यू मोबाइल लैब द्वारा मौके पर वाहन में भंडारित खोये की जांच की गई, प्राथमिक जांच में खोया मिलावटी पाया गया. मौके पर वाहन में उपलब्ध खोये से भरी 02 अलग अलग डलियों से खोया के 02 विधिक नमूने नियमानुसार जाँच हेतु संग्रहीत कर प्रयोगशाला भेजे गये हैं.
खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप न पाए जाने एवं अस्वच्छकर एवं अस्वस्थकर परिस्थितियों में भंडारित होने के कारण संपूर्ण खोये को व्यापक जनहित में बमरौली कटारा स्थित डंपिंग जोन में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट कर दिया गया. विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है. प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही जारी रहेगी.