आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में रंग भरनी एकादशी पर श्याम दरबार में बरसा गुलाल, भक्ति के रंग में डूबा फागुन महोत्सव. “कितना प्यारा है दरबार” की स्वर लहरियों संग संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु
रंग भरनी एकादशी के पावन अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रहे श्री श्याम फागुन महोत्सव के अंतर्गत पंचम दिवस गुलाल की होली अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ खेली गई। सुबह से ही श्याम भक्तों का सैलाब बाबा के दरबार में उमड़ पड़ा और पूरा परिसर भक्ति, प्रेम एवं रंगों से सराबोर हो गया।“कितना प्यारा है दरबार” जैसे मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच जब संकीर्तन आरंभ हुआ तो श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। ढोलक और मंजीरों की थाप पर गूंजते श्याम नाम ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। गुलाल की हल्की-हल्की बौछारों के बीच भक्तों ने श्याम बाबा के साथ होली खेली और ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं वृंदावन की रंगभरी एकादशी साकार हो उठी हो। गुलाल से आच्छादित वातावरण, भजनों की मधुर धुन और भक्तों का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि श्याम दरबार में आस्था का यह सागर अनवरत बहता रहता है। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि रंग भरनी एकादशी श्याम भक्तों के लिए विशेष महत्व रखती है। इस दिन बाबा के साथ रंगों की होली खेलना भक्तों के लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक आनंद का विषय होता है। उन्होंने कहा कि फागुन महोत्सव के प्रत्येक दिवस को अलग-अलग भावों के साथ मनाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को सेवा, संकीर्तन और उत्सव का अद्भुत संगम प्राप्त हो रहा है। सुबह से शाम तक उमड़े श्रद्धालुओं ने श्याम नाम के रंग में स्वयं को रंग लिया। इस पावन अवसर पर बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया।