आगरालीक्स…आगरा के दयालबाग में रंगों में घुली उमंग, वरिष्ठ नागरिकों ने खेली प्रेम और उल्लास की होल
आई सर्व खुशियों के पल संस्था द्वारा दयालबाग स्थित बॉडी एंड सोल फार्म हाउस में होली मिलन समारोह का हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने एक-दूसरे पर फूलों और गुलाल की बौछार कर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। वातावरण रंगों, हंसी और मधुर गीतों से सराबोर रहा। संस्था के संयोजक अनुराग जैन ने बताया कि होली का पर्व आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और एकता को सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को एक मंच पर लाकर उन्हें सामाजिक रूप से सक्रिय और आनंदित रखना है। ऐसे आयोजनों से न केवल मन प्रफुल्लित होता है, बल्कि आपसी संबंध भी और अधिक प्रगाढ़ होते हैं। समारोह में पारंपरिक होली गीतों पर सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वादिष्ट व्यंजनों और मिष्ठानों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।