अलीगढ़लीक्स…शर्मनाक. फालोवर्स बढ़ाने के लिए जूनियर महिला डॉक्टर ने महिला के प्रसव का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर किया अपलोड…
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. एक जूनियर महिला डॉक्टर ने लेबर रूम में महिला के प्रसव का न सिर्फ वीडियो बनाया बल्कि फालोवर्स बढ़ाने के लिए उसे अपने इंस्टाग्राम पर अपलेाड भी कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया है. आरोपी महिला डॉक्टर को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है.
ये है मामला
अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं. अलीगढ़ के अलावा आसपास के जिलों के भी मरीज काफी संख्या में यहां आते हैं. प्रसव के गंभीर मरीजों को भी मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जाता है. पिछले दिनों एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.यह वीडियो जूनियर डॉक्टर द्वारा प्रसारित किया गया है जिसमें महिला के प्रसव को दिखाया गया है.मेडिकल कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी हुई तो वीडियो की जांच की गई. जांच में सामने आया कि वीडियो मेडिकल कॉलेज की ओटी का ही है. इसे जूनियर डॉक्टर अंशिका कुशवाह ने बनाया था. कॉलेज प्रशासन की ओर से फिलहाल जूनियर डॉक्टर को नोटिस देकर 48 घ्ंटे में जवाब मांगा गया है.