आगरालीक्स…आगरा में बिना फिटनेस वाले स्कूली वाहनों पर हो एक्शन. कक्षा 1 की छात्रा नैना की मौत से आक्रोश…अधिकारियों को दिया ज्ञापन
आगरा में निजी विद्यालयों द्वारा बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए संचालित किए जा रहे कई वाहन बिना वैध फिटनेस के चल रहे हैं। यह बच्चों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही है और उनके जीवन से सीधा खिलवाड़ है। इसी गंभीर विषय को लेकर अभिभावक संघ आगरा द्वारा प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में खंदौली क्षेत्र में आरबीएस इंटरनेशनल स्कूल की बस से हुई दुर्घटना ने पूरे जनमानस को झकझोर दिया है। कक्षा 1 की छात्रा नैना की मौत को लेकर आक्रोश है। घटना स्पष्ट करती है कि कई निजी विद्यालय बच्चों के परिवहन में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।अभिभावक संघ ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि जनपद के सभी निजी विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों की तत्काल फिटनेस जांच कराई जाए तथा बिना फिटनेस और बिना पंजीकरण वाले वाहनों का संचालन तुरंत बंद कराया जाए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। अभिभावक संघ आगरा के सयोजक डॉ.मदन मोहन शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि यदि विद्यालय प्रशासन सुरक्षा मानकों की अनदेखी करता है और बिना फिटनेस वाले वाहनों में बच्चों को ढोता है तो यह अत्यंत गंभीर अपराध है।
डॉ.मदन मोहन शर्मा ने जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग से मांग की कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी स्कूल वाहनों की सघन जांच कराई जाए तथा दोषी विद्यालयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में किसी भी बच्चे की जान जोखिम में न पड़े।