आगरालीक्स …1600 करोड की धोखाधडी में पिनकॉन ग्रुप के डायरेक्टर हरी सिंह को एसओजी ने आगरा से अरेस्ट किया है।
पिनकॉन ग्रुप कोलकाता का है। आगरा में कंपनी ने रीजनल ऑफिस खोलकर निवेश कराना शुरू किया। यहां से आगरा मंडल के साथ-साथ राजस्थान के पांच शहरों की शाखाएं भी संचालित थीं। इनके माध्यम से कई राज्यों के तीन लाख लोगों से 1600 करोड़ रुपये निवेश आया। रुपये वापस करने का समय आने पर कंपनी ने कुछ ऑफिस बंद कर दिए, तो कहीं पर निवेशकों को टरकाया जा रहा था। दो माह पहले जयपुर में एसओजी थाने में इस मामले में धोखाधड़ी, कूट रचित दस्तावेज तैयार करने और साजिश रचने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
जांच में कंपनी के रीजनल मैनेजर से डायरेक्टर बने लॉयर्स कॉलोनी निवासी हरी सिंह का नाम आया। यह आगरा ऑफिस में बैठता था। शुक्रवार को एएसपी महावीर सिंह राणावत के नेतृत्व में आई राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप एसओजी टीम ने हरी सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया और जयपुर ले गई। मामले में एसओजी पिनकॉन के चेयरमैन मनोरंजन राय, विनय सिंह और रघु शेट्टी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।