आगरालीक्स..Agra News: . आगरा में आज नगर निगम सदन को लेकर मेयर और नगर आयुक्त आमने सामने। मेयर बोलीं सदन की बैठक है, नगर आयुक्त ने कहा सदन नहीं होगा।
आगरा के नगर निगम में जनता की समस्याओं से ज्यादा मेयर, पार्षद और अधिकारियों के बीच टकराव चर्चा में बना हुआ है। मेयर ने 23 मार्च यानी सोमवार को सुबह 11 बजे से नगर निगम का सदन बुलाया है, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह के अनुसार, सदन के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया था, इसके बाद भी नगर निगम सचिवालय द्वारा सदन के लिए एजेंडा जारी नहीं किया है और नगर आयुक्त ने भी कह दिया है कि 23 मार्च को सदन की बैठक करना संभव नहीं है। इसके पीछे तर्क दिया है कि संसद सत्र चल रहा है, शासन के आदेश हैं कि संसद सत्र के दौरान अति आवश्यक ना हो तो सदन की बैठक ना की जाए। साथ ही विधानसभा की कमेटी की भी 23 मार्च को आगरा में बैठक है जिसमें अधिकारियों को रहना होगा इसके चलते नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि सदन कराना संभव नहीं है। ( Agra News: Mayor & Municipal Commissioner Face to face over Nagar Nigam Sadan meeting today )
मेयर ने सुबह 11 बजे सदन में बुलाए पार्षद
वहीं, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने 23 मार्च को सदन की बैठक कराने का निर्णय लिया है, पार्षदों से कहना है कि वे सुबह 11 बजे सदन में आ जाएं। उनका कहना है कि 13 मार्च को ही पत्र लिखकर वित्तीय वर्ष के अंत में 23 मार्च को सदन बुलाने के लिए कहा गया था लेकिन नगर निगम सचिवालय ने कोई एजेंडा जारी नहीं किया है।