आगरालीक्स…आगरा में प्रस्तावित ‘ग्रेटर आगरा’ का होने जा रहा है शिलान्यास. सीएम योगी करेंगे प्रोजेक्ट का भूमि पूजन. ग्रेटर आगरा में बनेंगी 10 टाउनशिप…4000 प्लॉट और फ्लैट होंगे, जानिए पूरी जानकारी
आगरा में अटलपुरम टाउनशिप के बाद अब ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट की शुरुआत होने जा रही है. आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे इनर रिंग रोड के पास रायपुर रहनकलां में 449.65 हेक्टेयर भूमि पर एडीए द्वारा ग्रेटर आगरा विकसित किया जाएगा. यहां 10 टाउनशिप बनाई जाएंगी, इन टाउनशिप में एचआईजी, एमआईजी प्लाट और फ्लैट बनाकर एडीए द्वारा बिक्री की जाएगी. अब इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं और इसका शिलान्यस मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे. सीएम के संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक भी हुई है. इस टाउनशिप में हास्पिटल के साथ ही होटल भी होंगे. अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
7 अप्रैल को होगा शिलान्यास
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में शनिवार को इसको लेकर बैठक् आयोजित की गई. जिसमें प्रोजेक्ट के साथ जुड़े संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. बैठक में बताया गया कि आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा ग्राम-रायपुर व रहनकलां (ग्रेटर आगरा योजना) की लगभग 449.65 है० भूमि पर, कुल सम्भावित लागत धनराशि रू0 5142.00 करोड़ से 10 टाउनशिप का शिलान्यास, भूमिपूजन एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं , प्रोजेक्ट का लोकार्पण/शिलान्यास सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा. इसके अलावा वो जनसभा को संबोधित करेंगे. डीएम ने रायपुर रहनकला, इनर रिंग रोड पर उचित साफ सफाई, जल छिड़काव, मंचीय व्यवस्था आदि के लिए नोडल अधिकारी नामित करने को कहा है. इस दौरान सीएम युवा योजना तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को मा.मुख्यमंत्री जी के कर कमलों से प्रमाणपत्र आदि प्रदान किए जाने, लोकार्पण, शिलान्यास के शिलापट्ट आदि की तैयारियों हेतु संबंधित को निर्देशित किया.
नर्मदापुरम 45.18 हेक्टेयर, 763 भूखंड
सिंधुपुरम 26.83हेक्टेयर, 120 भूखंड
गोमतीपुरम 49.45 हेक्टेयर, 719 भूखंड
गंगापुरम 48.86 हेक्टेयर, 975 भूखंड
यमुनापुरम 43.77 हेक्टेयर, व्यावसायिक भूखंड
बेतवापुरम 28.41 हेक्टेयर, 220 भूखंड
महानदीपुरम 31.09 हेक्टेयर, 293 भूखंड
गोदावरीपुरम 42.28 हेक्टेयर, 706 भूखंड
क्रष्णापुरम 42.86 हेक्टेयर, 557 भूखंड
कावेरीपुरम 47.78 हेक्टेयर, तीन भूखंड पब्लिक सर्विस सेक्टर और एक व्यावसायिक भूखंड