आगरालीक्स …Agra News: आगरा में यमुना लबालब रहे, इसके लिए ताजमहल के 1.5 किलोमीटर डाउन स्ट्रीम में पक्का बैराज बनेगा, रबर डैम प्रोजेक्ट निरस्त। ( Agra Live News: Barrage in 1.5 KM Down stream From Taj Mahal in Yamuna in Agra)
आगरा में लंबे समय से यमुना में बैराज की मांग की जा रही थी जिससे आगरा में यमुना में जलराशि बढ़े और ताजमहल से लेकर कैलाश मंदिर तक यमुना में जल बना रहे। इसके लिए 2017 में सीएम योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल से आगे नगला पेमा में रबर डैम का शिलान्यास किया था। 350 करोड़ की लागत से 340 मीटर का रबर चैक डेम बनना था इसमें 55 55 मीटर के 5 बैलून गेट प्रस्तावित थे, इसके लिए 20 करोड़ रुपये का बजट भी जारी कर दिया गया था। रबर डैम के लिए केंद्रीय जल आयोग से रिपोर्ट मांगी गई थी।
केंद्रीय जल आयोग ने की गोकुल की तरह पक्के बैराज की सिफारिश
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता नीरज सिंह का मीडिया से कहना है कि रबर डैम के लिए एनओसी मांगी गई थी, केंद्रीय जल आयोग ने रबर डैम को तकनीकी रूप से व्यावहारिक ना मानते हुए निरस्त कर दिया है। इसकी जगह केंद्रीय जल आयोग ने गोकुल की तरह पक्का बैराज बनाने की सिफारिश की है।

ताजमहल के 1.5 किलोमीटर डाउन स्ट्रीम में बनेगा बैराज
सिंचाई विभाग द्वारा ताजमहल से 1.50 किलोमीटर यमुना डाउन स्ट्रीम में पक्का बैराज बनाने के लिए डीपीआर पर काम शुरू कर दिया है। गोकुल बैराज की तरह से ही यमुना में आगरा में बैराज बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ग्रेटर आगरा के शिलान्यास पर कहा था कि बैराज की डीपीआर आते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।