आगरालीक्स…आगरा के इस रोड को जाम मुक्त करने के लिए रूट मार्शल तैनात. ‘चोक प्वाइंट्स’ की पहचान की जाएगी. दुकानदारों से भी की ये अपील
बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने मारुति स्टेट से सिकंदरा चौराहे तक के मार्ग को जाम मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त यातायात सोनम कुमार के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त यातायात इमरान अहमद ने “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के तहत रूट नंबर-03 का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान यातायात को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए मार्ग पर रस्सियों के माध्यम से स्पष्ट लेन चिन्हांकन किया गया। साथ ही, अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। रेहड़ी-पटरी और गुमटी संचालकों से संवाद कर उन्हें दोबारा अतिक्रमण न करने के लिए समझाया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही निर्धारित लेन में बनी रहे। ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय दुकानदारों से भी अपील की कि वे यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में सहयोग करें, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। इस रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए रूट मार्शल टीएसआई कमल सिकरवार की तैनाती की गई है।
इसके अलावा, मार्ग पर चिन्हित ‘चोक प्वाइंट्स’ की पहचान कर उनके कारणों को दूर करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों का ट्रैवल टाइम कम किया जा सके। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य मार्ग पर अनावश्यक जाम को खत्म करना, यातायात प्रवाह को निर्बाध बनाए रखना और लोगों के समय की बचत करना है। संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे।