हाथरसलीक्स…दर्दनाक, स्कूल से बाइक पर लौट रही 10वीं की छात्रा की चुनरी पहिए में फंसी. झटके से नीचे गिरी और हो गई मौत…
आगरा से सटे हाथरस जिले से दर्दनाक खबर आई है. सोमवार को कक्षा 10वीं की एक छात्रा बाइक से घर आ रही थी. उसकी चुनरी चलती बाइक के पहिए में फंस गई जिससे असंतुलित होकर छात्रा झटके से नीचे गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई. अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.घटना मोहल्ला नबीपुर खुर्द की है. मृतक छात्रा का नाम काजल पुत्री संजय बताया गया है. काजल मोहल्ले के ही एक इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा थी. घटना के समय वह बाइक पर पीछे बैठकर अपने घर आ रही थी. चुनरी गले में फंसने और नीचे गिरने से उसकी गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. परिजन जब अस्पताल लेकर गए तो यहां उसकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है.