आगरालीक्स…आगरा के सिकंदरा योजना में अवैध निर्माण पर चला बुलडोज़र, कई संपत्तियां सील व आंशिक ध्वस्त. आवास एवं विकास परिषद की कार्रवाई
आवास एवं विकास परिषद द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सिकंदरा योजना में सीलिंग एवं ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई परिषद के अधीक्षण अभियंता श्री अतुल कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. ख़ान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अभियान के तहत नक्शे के विपरीत निर्माण करने वाली संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। इसमें सेक्टर-4 की संपत्ति संख्या 721/1, सेक्टर-7 की संपत्ति संख्या 123 (रोशन पैलेस) तथा सेक्टर-9 की संपत्ति संख्या 94 (निर्माणाधीन) शामिल हैं। सेक्टर-4 स्थित संपत्ति में पूर्व में सील की गई “हिटाची कैश मैनेजमेंट कंपनी” की सील को नियम विरुद्ध तोड़कर दोबारा संचालन किया जा रहा था। इसके अलावा, उक्त परिसर में पेस कोचिंग संस्थान एवं एक लाइब्रेरी भी संचालित पाई गई। प्रवर्तन दल ने यहां आंशिक ध्वस्तीकरण करते हुए भूस्वामी को दो दिन के भीतर पूर्ण ध्वस्तीकरण करने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के नेतृत्व में परिषद के प्रवर्तन दल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई। अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार सिंह ने बताया कि हाल ही में मेरठ प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निर्माण कार्यों को नियमों के अनुरूप कर लें, क्योंकि परिषद का अभियान अब लगातार जारी रहेगा। इस अभियान में अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह, प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. ख़ान, सहायक अभियंता सुनील कुमार, स्थानीय पुलिस बल एवं परिषद के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।