आगरालीक्स…रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल ने सर्वाइकल कैंसर को लेकर किया जागरूक. 26 छात्राओं को लगाई वैक्सीन की दूसरी डोज..
रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल ने 16 अप्रैल 2026 को भारतीय बाल विद्या मंदिर स्कूल, अंसल टाउन बरौली में स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। क्लब की ओर से डॉ. सुरभि मित्तल के कुशल नेतृत्व में विद्यालय की 26 छात्राओं को 'सर्वाइकल कैंसर' से बचाव हेतु टीकाकरण की दूसरी खुराक (2nd Dose) सफलतापूर्वक दी गई। डॉ. सुरभि मित्तल निरंतर विभिन्न शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने में अपना अतुलनीय सहयोग प्रदान कर रही हैं। उनके इस समर्पण की सराहना करते हुए क्लब की अध्यक्ष मीरा गुप्ता ने उनका आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष ने छात्राओं के उत्तम स्वास्थ्य एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि क्लब बालिकाओं के सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने रोटरी क्लब ऑफ आगरा रॉयल की इस नेक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु संस्था का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस पुनीत कार्य के अवसर पर डॉ. सुरभि मित्तल के साथ रेखा कपूर, अनीता पुंधीर, मीरा गुप्ता एवं हेमलता जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।